अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ हिंसा के मामले बढ़ते जा रहे हैं. ताजा वाकये में कपूरथला के एक युवक को कैलिफोर्निया प्रांत में चाकुओं से गोदकर मार डाला गया. मृतक की पहचान जगजीत सिंह के तौर पर हुई है. वो हबीबवाल नडाला गांव में महिंदर सिंह के बेटे थे.
बताया जा रहा है कि देर रात एक श्वेत नौजवान जगजीत सिंह के स्टोर में आया और सिगरेट मांगने लगा. इसपर जगजीत सिंह ने उससे आईडी मांगी. जब आईडी नहीं मिली तो जगजीत ने उसे सिगरेट देने से इनकार कर दिया. इसके बाद श्वेत शख्स गाली-गलौज करते हुए स्टोर से चला गया. बाद में जब जगजीत सिंह स्टोर को बंद कर रहे थे, यही शख्स अपने साथियों के साथ लौटा और तेजधार चाकू से उनपर हमला बोल दिया. घटना की भनक मिलते ही उसके साथियों से शोर मचाया लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे. जगजीत सिंह को अस्पताल ले जाया गया. यहां उसने दम तोड़ दिया.
खबरों के मुताबिक जगजीत सिंह पिछले डेढ़ साल से कैलिफोर्निया के मडैस्टो शहर में रह रहे थे. यहां वो एक स्टोर में काम करते थे. कैलिफोर्निया की पुलिस मामले की जांच कर रही है. अभी तक ये साफ नहीं कि क्या ये नस्ली हिंसा से जुड़ा मामला है?
सतेंदर चौहान