पंजाब: पिस्टल साफ करते समय चली गोली, फगवाड़ा DSP की हुई मौत

पंजाब के कपूरथला के फगवाड़ा में डीएसपी योगेश कुमार की सरकारी रिवॉल्वर से ही गोली चलने से मौत हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस स्टेशन सदर फगवाड़ा के पास स्थित उनके सरकारी क्वार्टर में हुई.

Advertisement
मृतक डीएसपी योगेश कुमार.  (File Photo: Davinder Kumar/ITG) मृतक डीएसपी योगेश कुमार. (File Photo: Davinder Kumar/ITG)

aajtak.in

  • कपूरथला,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:48 PM IST

फगवाड़ा से सोमवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज और दुखद खबर सामने आई है, जहां डीएसपी योगेश कुमार की गोली लगने से मौत हो गई. यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस स्टेशन सदर फगवाड़ा के पास स्थित उनके सरकारी आवास में हुई, जिससे पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है.

डीएसपी योगेश कुमार अपने सरकारी क्वार्टर में मौजूद थे, जब यह हादसा हुआ. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह अपनी सरकारी पिस्तौल को साफ कर रहे थे. इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे उनके सीने में जा लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

Advertisement

पुलिस ने शुरू की जांच
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले पुलिस कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना देर किए घायल अधिकारी को जालंधर के जोहल अस्पताल पहुंचाया. लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह एक दुर्घटनावश हुई फायरिंग थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. कुछ सूत्रों के अनुसार आत्महत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और हथियार की जांच भी की जा रही है. साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
 
(इनपुट- दविंदर कुमार)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement