जालंधर के नेशनल आई केयर हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टर पीयूष सूद और उनकी पत्नी डॉक्टर मीनाक्षी सूद के मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं. डॉक्टर मीनाक्षी की संदिग्ध मौत के बाद अब एक CCTV वीडियो वायरल होने से मामला और गंभीर हो गया है. इस वीडियो में डॉक्टर पीयूष सूद को एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिख रहे हैं. मृतका के परिजनों ने इस वीडियो की पुष्टि की है और इसे मामले का अहम सबूत बताया है. परिजनों का दावा है कि यह वीडियो अस्पताल के अंदर का है और इसे खुद डॉक्टर मीनाक्षी ने पहले निकलवाया था. परिवार का कहना है कि इसी वीडियो को देखने के बाद दोनों के रिश्तों में दरार आई थी और वैवाहिक जीवन में तनाव बढ़ गया था.
मृतका के परिवार ने डॉक्टर पीयूष सूद पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता प्रमोद कुमार के अनुसार डॉक्टर पीयूष ने पत्नी के नाम पर थार गाड़ी का लोन लिया था, जिसकी किस्तें मीनाक्षी अपनी सैलरी से भर रही थीं. इसके अलावा परिवार का आरोप है कि उनके नाम पर लगभग 45 लाख रुपये और बाद में करीब 2.5 करोड़ रुपये का लोन भी बिना उनकी जानकारी के लिया गया. परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले जब मीनाक्षी बैंक गईं तो उन्हें इस बड़े लोन की जानकारी मिली, जबकि दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर नहीं थे. इस खुलासे के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं.
डॉ. पीयूष सूद पर युवती के साथ संबंधों के आरोप
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि डॉक्टर पीयूष का अस्पताल में काम करने वाली एक युवती के साथ संबंध था. पिता का दावा है कि मीनाक्षी ने इस शक के बाद अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए थे, जिनमें संबंधों की पुष्टि होने का दावा किया गया है. ये फुटेज पुलिस को भी सौंपे जाने की बात कही गई है. परिवार का कहना है कि डॉक्टर पीयूष अक्सर मीनाक्षी के साथ मारपीट करता था. पिता ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी गला घोंटकर जान लेने की कोशिश की गई थी. उनका कहना है कि उनकी बेटी लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी.
जानकारी के अनुसार जुलाई 2025 से डॉक्टर मीनाक्षी अलग रह रही थीं. वह तलाक लेने की तैयारी में थीं और अपने लिए नया घर लेने की योजना बना रही थीं. परिवार का कहना है कि इसी बीच उन्हें लोन संबंधी जानकारी मिली, जिससे वह और अधिक तनाव में आ गई थीं. मृतका की मां ने कहा है कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी.
इस मामले में थाना डिवीजन 6 के प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि BNS की धारा 106 के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी पति डॉ. पीयूष सूद का फोन बंद आ रहा है और अभी उससे पूछताछ नहीं हो पाई है. जांच प्रक्रिया जारी है. थाना 6 के प्रभारी और जांच अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना सुबह मिली थी. मौके पर पहुंचकर पाया गया कि महिला डॉक्टर का शव घर के अंदर मिला. घर के दरवाजे बंद थे, जिन्हें शीशा तोड़कर खोला गया। नौकरानी की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी.
पति का फोन बंद, पुलिस ने शुरू की जांच प्रक्रिया
इसके अलावा एएसआई सतपाल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला वैवाहिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल परिजन आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की अपील कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
(रिपोर्ट: देवेंद्र कुमार)
aajtak.in