राहुल-ममता की आक्रामक पॉलिटिक्स के बीच कैसे यूएस डील मोदी सरकार के लिए बन गई बूस्टर?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चीन के मुद्दे और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एसआईआर के मुद्दे पर आक्रमक तेवर दिखाकर बीजेपी को कशमकश में डाल दिया था, लेकिन सोमवार को सूरज ढलने के साथ ही यह मुद्दे भी डूब गए, क्योंकि देर शाम अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील फाइनल हो गई.

Advertisement
भारत-यूएस ट्रेड डील मोदी सरकार के लिए सियासी बुस्टर (Photo-ITG) भारत-यूएस ट्रेड डील मोदी सरकार के लिए सियासी बुस्टर (Photo-ITG)

कुबूल अहमद

  • नई दिल्ली,
  • 03 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:32 AM IST

बजट के दूसरे दिन सोमवार को संसद से सड़क तक सियासी माहौल राजनीति गरम था. लोकसभा में नेता प्रति राहुल गांधी की आक्रामक राजनीति ने संसद की तपिश बढ़ा रखी थी तो एसआईआर के मुद्दे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के खिलाफ सख्त तेवर अपनाकर राजनीतिक माहौल को और भी ज्यादा गरमा दिया.

राहुल गांधी और ममता बनर्जी की आक्रामक पॉलिटिक्स से मोदी सरकार और बीजेपी कशमकश में नजर आ रही थी तो विपक्ष के हौसले बुलंद थे, लेकिन सूरज ढलने के साथ ही सारा गेम बदल गया. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बातचीत होती है और फिर अमेरिका-भारत के बीच व्यापार समझौते पर फाइल मुहर लग जाती है. 

Advertisement

डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार देर शाम इंडिया-यूएस डील पर फैसला लेते हुए भारत पर लगाए गए टैरिफ को कम कर दिया है. अमेरिका ने अब टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. अमेरिका और भारत की ट्रेड डील सिर्फ मार्केट के लिए ही नहीं किया, बल्कि मोदी सरकार के लिए सियासी बूस्टर से कम नहीं है. मंगलवार सुबह से मार्केट बम-बम है तो मोदी सरकार के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. 

चीन के मुद्दे पर राहुल ने मोदी को घेरा

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान आक्रमक अंदाज में मोदी सरकार को चीन मुद्दे पर घेरकर संसद का माहौल पूरी तरह गर्मा दिया था. राहुल ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' का हवाला देते हुए मोदी सरकार को घेरा. उन्होंने दावा किया कि 2020 के लद्दाख स्टैंडऑफ और डोकलाम में चीनी टैंक भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन सरकार ने पर्याप्त कदम नहीं उठाए. राहुल ने कहा, “सरकार क्यों डर रही है? सेना के हर जवान को सच मालूम है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: NDA संसदीय दल की बैठक में PM मोदी का हुआ अभिनंदन, India-US ट्रेड डील पर जश्न

राहुल के द्वारा चीन का मुद्दा उठाते ही सदन में हंगामा हो गया और दो बार लोकसभा को स्थगित करनी पड़ी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य बीजेपी नेताओं ने राहुल पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अप्रकाशित किताब का जिक्र सदन में नहीं किया जा सकता, यह नियमों के खिलाफ है. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी किताब पढ़ने की अनुमति नहीं दी जबकि राहुल किताब के अंश पढ़ने की जिद पर अड़े रहे.  राहुल ने आरोप लगाया कि शीर्ष नेतृत्व सदन का सामना करने के बजाय बच रहा है.

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मोदी सरकार पर आरोप लगाते हैं कि 2020 की घटना में मोदी सरकार ने चीन के सामने घुटने टेक दिए. राहुल गांधी ने कई बार कहा कि चीन ने भारतीय जमीन पर कब्जा किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि कोई घुसपैठ नहीं हुई. विपक्ष का कहना है कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया और सेना को सही निर्देश नहीं दिए. राहुल गांधी ने संसद में जनरल नरवणे की किताब के बहाने फिर से मोदी सरकार को घेरकर सियासी तपिश बढ़ा दी थी. 

Advertisement

ममता ने दिखाया एसआईआर पर तेवर

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी एसआईआर के मुद्दे को कोलकाता से नई दिल्ली तक ले आईं. एसआईआर के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज कर दिया. सोमवार को ममता बनर्जी इलेक्शन कमीशन के मुख्यालय में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात की और बंगाल चुनाव से पहले एसआईआर को रोकने की गुहार लगाई. उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से मतदाताओं को व्यापक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है.

ममता बनर्जी आक्रमक तेवर के साथ एसआईआर के मुद्दे को राष्ट्रीय मुद्दा बनाकर बीजेपी को घेरने की तैयारी कर रखी है. इसीलिए उन्होंने कहा कि अगर आपको SIR करना ही था, तो आपको चुनाव वाले राज्यों को छोड़कर सही प्लानिंग के साथ करना चाहिए था, लेकिन आपने ऐसा नहीं किया. असम में आपकी बीजेपी सरकार है. आपने असम में एसाईआर नहीं किया, लेकिन पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में किया. इस तरह ममता बनर्जी ने दिल्ली में आकर बीजेपी और चुनाव आयोग के बहाने से सियासी दांव चला.  

ट्रेड डील बना मोदी सरकार का बूस्टर

राहुल गांधी के चीन और ममता बनर्जी के एसआईआर मुद्दे पर आक्रामक तेवर से सियासी माहौल सोमवार को पूरी तरह गर्म था और लग रहा था कि मंगलवार को अखबारों की सुर्खियां यही दोनों मुद्दे होंगे, लेकिन शाम होते ही विपक्ष का सारा गेम ही बदल गया. सोमवार के शाम तक बैकफुट पर खड़ी रहने वाली मोदी सरकार सूरज ढलने के बाद नए हौसले के साथ दिख रही है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: डीलमेकर इन चीफ! US-इंडिया डील का अमेरिकी सीनेट ने किया स्वागत, भारत को क्या फायदा होगा?

पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की बीच बातचीत होते ही काफी दिनों से लटकी अमेरिका और भारत की ट्रेड डील फाइनल हो गई. डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी शेयर की. उन्होंने कहा कि अब भारत पर 50 फीसदी नहीं, बल्कि 18 फीसदी टैरिफ ही लगेगा.  इसके लिए पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को ट्रेड डील के लिए बधाई दी. प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग के लिए बहुत सारे मौके खुलते हैं. 

इंडिया-यूएस डील से उत्साह का माहौल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के एलान के बाद दोनों देशों में उत्साह का माहौल है. ट्रंप के मुताबिक, इस समझौते के तहत अमेरिका भारत से आने वाले सामानों पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है. यही वजह है कि मंगलवार को सुबह अखबार और मीडिया में राहुल गांधी के द्वारा उठाया गया चीन और ममता बनर्जी का एसआईआर मुद्दा नहीं बल्कि भारत-अमेरिका डील की खबरें सुर्खियों में है, क्योंकि अमेरिका ने भारत पर अब सबसे कम टैरिफ कर दिया है. 

Advertisement

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता दो समान विचारधारा वाले लोकतंत्रों भारत और अमेरिका के बीच साझी समृद्धि की ताकत को दिखाता है. गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यह डील दोनों देशों के बीच तकनीक साझा करने, नए समाधान विकसित करने और शांति व विकास के लिए मिलकर काम करने का अवसर है. यह समझौता किसानों, छोटे और मध्यम उद्योगों (MSMEs), उद्यमियों और कुशल कर्मचारियों के लिए नए अवसर खोलेगा. इस डील से भारत 'मेक इन इंडिया, डिजाइन इन इंडिया, इनोवेट इन इंडिया' की दिशा में और मजबूत होगा और अमेरिका से तकनीक हासिल करने का अवसर मिलेगा. 

कैसे बदल गया पूरी तरह सियासी माहौल

राहुल गांधी के द्वारा उठाए गए मुद्दे पर मोदी सरकार के लिए जवाब देना मुश्किल हो रहा था तो ममता बनर्जी ने एसआईआर के बहाने से बीजेपी को निशाना साधने की स्टैटेजी अपनाई थी. इस तरह दिल्ली से बंगाल को सियासी संदेश देने का प्लान ममता का था तो राहुल गांधी राष्ट्रवाद के मुद्दे पर बीजेपी को कठघरे में खड़े करने का दांव था, लेकिन अमेरिका-भारत ट्रेड डील के बाद पूरा सारा गेम बदल गया, अब सारा राजनीतिक बज्म अमरिका-भारत ट्रेड डील के इर्द-गिर्द सिमट गया है. 

Advertisement

मोदी सरकार इस डील को अपनी कूटनीतिक और आर्थिक उपलब्धि बता रही है और बीजेपी प्रधानमंत्री को श्रेय दे रही है . इतना ही नहीं इस समझौते के भारत की अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने वाला माना जा रहा है. 

यह भी पढ़ें: टल गया अमेरिका-ईरान युद्ध! बातचीत की टेबल पर लौटे दोनों देश, तुर्की में फिर शुरू करेंगे परमाणु वार्ता

दरअसल, अमेरिका के द्वारा 50 फीसदी टैरिफ लगाए जाने का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर सीधे पढ़ रहा था. ट्रंप के अचानक टैरिफ घटाने के फैसले से  ‘मेड इन इंडिया’ को अमेरिकी बाजार में बड़ी राहत मिली है. इसे व्यापार, सप्लाई चेन और भारत-अमेरिका साझेदारी के लिए बड़ी जीत बताया जा रहा है.

 विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि  इससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में ज्यादा नौकरियां पैदा होंगी, विकास को बढ़ावा मिलेगा और इनोवेशन बढ़ेगा, यह ‘मेक इन इंडिया’ की कोशिशों को मजबूत करेगा और भरोसेमंद टेक्नोलॉजी संबंधों को बढ़ावा देगा. इस डील से भारत और अमेरिका दोनों के व्यापार, तकनीक और आर्थिक रिश्तों को मजबूती मिलेगी और किसानों, उद्योगों व व्यवसायों के लिए नए अवसर खुलेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement