AIADMK के बागी गुट से मिले CM विजय, फ्लोर टेस्ट में 30 और विधायक होंगे साथ!

तमिलनाडु विधानसभा में कल होने वाले फ्लोर टेस्ट से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला. मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने एआईएडीएमके के बागी नेताओं एसपी वेलुमणि और सीवी षणमुगम से मुलाकात की. माना जा रहा है कि एआईएडीएमके के करीब 30 विधायक टीवीके सरकार को समर्थन दे सकते हैं.

Advertisement
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने फ्लोर टेस्ट से पहले एआईएडीएमके के बागी गुट के नेताओं सीवी षणमुगम और एसपी वेलुमणि से मुलाकात की. (Photo: ITG) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने फ्लोर टेस्ट से पहले एआईएडीएमके के बागी गुट के नेताओं सीवी षणमुगम और एसपी वेलुमणि से मुलाकात की. (Photo: ITG)

अनघा

  • ,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:05 PM IST

तमिलनाडु विधानसभा में कल होने वाले अहम फ्लोर टेस्ट से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को एआईएडीएमके के बागी नेताओं एसपी वेलुमणि और सीवी षणमुगम से मुलाकात की. इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि वेलुमणि-षणमुगम गुट के पास एआईएडीएमके के 47 में से करीब 30 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है. माना जा रहा है कि ये विधायक फ्लोर टेस्ट में टीवीके सरकार के पक्ष में वोट कर सकते हैं.

Advertisement

विजय अपने चर्चित ब्लैक सूट और व्हाइट शर्ट में स्थानीय एआईएडीएमके कार्यालय पहुंचे, जहां षणमुगम, वेलुमणि और पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद थे. नेताओं ने फूलों के गुलदस्ते देकर उनका स्वागत किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इस दौरान कई एआईएडीएमके नेता विजय से बातचीत करते नजर आए. विजय ने भी वेलुमणि और षणमुगम और एआईएडीएमके के अन्य सदस्यों के साथ लंबी चर्चा की. कुछ दिन पहले तक जब तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई थी, षणमुगम  और वेलुमणि ने खुलकर विजय को समर्थन देने की बात कही थी. 

यह भी पढ़ें: CM विजय ने अपने ज्योतिषी को सरकार में OSD बनाया, इन्हीं की सलाह पर बदला था शपथ का टाइम

विजय की टीवीके ने हालिया तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 234 में से 108 सीटें जीतीं. हालांकि पार्टी बहुमत के आंकड़े से 10 सीट पीछे रह गई, जिसके बाद उसे गठबंधन का सहारा लेना पड़ा. इसी दौरान एआईएडीएमके नेताओं षणमुगम और वेलुमणि ने दावा किया था कि उनके साथ पार्टी के 30 विधायक हैं और वे टीवीके को समर्थन देने के लिए तैयार हैं. लेकिन एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी, जिसके बाद पार्टी में अंदरूनी कलह बढ़ गई. 

Advertisement

नतीजा ये हुआ कि एआईएडीएमके दो गुटों में बंट गई है. एक ओर पलानीस्वामी गुट है, जबकि दूसरी ओर वेलुमणि-षणमुगम गुट खुलकर अलग रुख अपनाए हुए है. लगातार 2019, 2021, 2024 और 2026 के चुनावों में हार के बाद एआईएडीएमके के कई नेता पलानीस्वामी के नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे हैं. इसी वजह से पार्टी में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है. वहीं, फ्लोर टेस्ट को लेकर तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वपेरुन्थगई ने कहा कि उनकी पार्टी के 5 विधायक कल टीवीके के पक्ष में वोट करेंगे. एआईएडीएमके के रुख पर उन्होंने कहा, 'अभी कुछ नहीं कह सकते, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में सच्चाई सामने आ जाएगी.'
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement