सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद निर्माणाधीन टनल में 27 मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सिक्किम के नामची में निर्माणाधीन टनल के बाहर भूस्खलन के बाद करीब 27 मजदूर अंदर फंस गए. टनल में मीथेन गैस की मौजूदगी के कारण बचाव अभियान मुश्किल हो गया है. फिलहाल, NDRF, SDRF समेत कई एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हैं.

Advertisement
सिक्किम की समरदुंग टनल के बाहर जारी रेस्क्यू ऑपरेशन. (Photo: ITG) सिक्किम की समरदुंग टनल के बाहर जारी रेस्क्यू ऑपरेशन. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 20 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:19 PM IST

सिक्किम के नामची जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. निर्माणाधीन टनल के बाहर भूस्खलन होने से करीब 27 मजदूर अंदर फंस गए. हालात इसलिए और मुश्किल हो गए, क्योंकि टनल के भीतर मीथेन गैस होने की आशंका है. इसी वजह से बचाव अभियान धीमा पड़ गया है. कई बचावकर्मियों की तबीयत भी गैस के असर से बिगड़ गई.

यह हादसा समरदुंग टनल में हुआ. भूस्खलन के बाद टनल का प्रवेश रास्ता मलबे से बंद हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, अंदर 27 मजदूर फंसे हैं. इनमें 21 कर्मचारी पटेल इंजीनियरिंग के हैं, जबकि 6 लोग NHPC से जुड़े बताए गए हैं. प्रशासन ने बताया कि सामरदुंग-मामरिंग टनल में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. नामची के डिप्टी कमिश्नर (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने इसकी पुष्टि की है. हालांकि, फंसे लोगों की संख्या का सत्यापन अभी जारी है, इसलिए इसमें बदलाव भी हो सकता है.

Advertisement

 

 

 

गैस ने बढ़ाई बचाव अभियान की चुनौती

रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती टनल के अंदर मौजूद मीथेन गैस है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि गैस की वजह से कई बचावकर्मियों को चक्कर आए, जबकि कुछ लोग बेहोश भी हो गए. माना जा रहा है कि भूस्खलन के बाद जमीन और चट्टानों की परतें खिसकने से यह गैस बाहर निकली. इसके अलावा, टनल का संकरा रास्ता और कम दृश्यता भी राहत कार्य में रुकावट बन रही है. यही वजह है कि बचाव अभियान बेहद सावधानी के साथ चलाया जा रहा है.

जिला प्रशासन को दोपहर करीब 3:40 बजे घटना की सूचना मिली. इसके बाद NDRF, SDRF, जिला पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया. पश्चिम बंगाल से भी एक विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है. यह टीम गैस से बचाव के लिए विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ पहुंची है. रेस्क्यू टीम गैस मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरण पहनकर टनल के भीतर पहुंचने की कोशिश कर रही है. मौके पर एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके.

Advertisement

जिला प्रशासन का कहना है कि फिलहाल सबसे पहली प्राथमिकता टनल में फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है. इसके बाद हादसे की वजह की विस्तार से जांच की जाएगी. बताया गया कि यह टनल तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के तहत बनाई जा रही है. इसका निर्माण पटेल इंजीनियरिंग, NHPC की परियोजना के लिए कर रही है.

(इनपुट सुजल प्रधान)
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »