जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर के हथलंगा इलाके में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने हथियारों, गोला-बारूद और अन्य सामान का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, तलाशी अभियान में दो AK-56 राइफलें, दो मैगजीन, 7.62 मिमी के करीब 200 जिंदा कारतूस, एक पिस्तौल, दो पिस्तौल मैगजीन, पांच हैंड ग्रेनेड, पांच सिगरेट के पैकेट और एक बैग बरामद किया गया है.
सुरक्षा बलों का मानना है कि यह हथियार और विस्फोटक सामग्री घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकियों द्वारा लाई जा रही थी. घुसपैठ की कोशिश नाकाम होने के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच कर रही हैं.
कुपवाड़ा में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़
एक दिन पहले कुपवाड़ा जिले में भारतीय सेना ने आतंकियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ करते हुए वहां से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था. अधिकारियों के मुताबिक, केरन सेक्टर के सामान्य क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सोमवार को सेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक ठिकाने का पता लगाया.
सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खुफिया ठिकाने से पांच AK सीरीज की राइफलें, नौ AK मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह हथियार और युद्ध सामग्री आतंकवादी गतिविधियों के लिए जमा की गई थी.
दो आतंकियों की तलाश चौथे दिन भी जारी रही
इस बीच जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो स्थानीय आतंकवादियों की तलाश में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा. अधिकारियों के मुताबिक, रातभर अभियान रोकने के बाद मंगलवार सुबह तड़के एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया गया. अधिकारियों ने बताया कि दोनों आतंकवादियों को पहली बार 3 जुलाई को मीमंदर इलाके के घने सेब के बागों में लगे सर्विलांस कैमरों में देखा गया था.
यह इलाका सात गांवों में फैला हुआ है, जिसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त अभियान शुरू किया. सुरक्षाबलों की कई टुकड़ियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी है. चार गांवों में सोमवार शाम तक तलाशी अभियान पूरा कर लिया गया था, जबकि बाकी क्षेत्रों में मंगलवार को फिर से कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया गया. अधिकारियों के अनुसार, घिरे हुए आतंकवादियों की पहचान लतीफ भट्ट और जाकिर गनई के रूप में हुई है.
चार दिन पहले जब सुरक्षाबलों ने उनकी ओर बढ़ने की कोशिश की तो दोनों आतंकवादियों ने सेना के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से जवाबी फायरिंग हुई. फिलहाल पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी है. सुरक्षाबल आतंकवादियों को पकड़ने या मार गिराने के लिए सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे हैं.
अशरफ वानी