पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के मीडिया सलाहकार ने नई दिल्ली के डीसीपी को शिकायत दी है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पप्पू यादव पर पहले से की गई प्लानिंग के तहत जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई. शिकायत में कहा गया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 4-5 लोगों का एक ग्रुप अचानक अंदर घुस आया और बेहद आक्रामक तरीके से चाकू से हमला करने का प्रयास किया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमलावरों का इरादा पप्पू यादव की हत्या करना या उन्हें गंभीर रूप से घायल करना था.
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि हमलावरों में शामिल एक व्यक्ति किसी राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ है. इसलिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जानी चाहिए ताकि साजिश के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. मीडिया सलाहकार के अनुसार, मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों और पप्पू यादव के निजी सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के कारण हमला नाकाम हो गया. उन्होंने दावा किया कि पप्पू यादव को बचाने के दौरान उन्हें और दो सुरक्षा कर्मियों को भी चोटें आईं.
शिकायतकर्ता ने दिल्ली पुलिस से इस मामले में हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
बता दें कि, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित घर पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में चप्पल फेंकने और हंगामे के मामले में अब दोनों पक्षों का बड़ा बयान सामने आया था. एक तरफ पप्पू यादव ने उन पर चाकू से हमले की कोशिश का आरोप लगाते हुए इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताया है. वहीं दूसरी तरफ, मौके से फरार आरोपी हैप्पी शर्मा ने आजतक से खास बातचीत में दावा किया है वे पूरी तरह निहत्थे थे. वे सिर्फ सवाल पूछने गए थे.
मामले में फरार आरोपी हैप्पी शर्मा ने आजतक से बात करते हुए कहा कि वह जल्द ही पुलिस के सामने पेश होगा. हैप्पी शर्मा ने बताया, 'सांसद के घर के बाहर पुलिस तैनात थी और हमारी पूरी चेकिंग हुई थी. हम कोई चाकू लेकर अंदर नहीं गए थे, सब कुछ कैमरे में रिकॉर्ड है.' उसने आगे कहा, 'हम सिर्फ सांसद से यह पूछने गए थे कि वे सनातन और हिंदुओं का अपमान क्यों कर रहे हैं? वे भगवा और भगवान राम की तस्वीर को जमीन पर क्यों रख रहे हैं? लेकिन इतना बोलते ही समर्थकों ने हमें बहुत पीटा. जूता-चप्पल किसने फेंका, हमें नहीं मालूम है
अंशुल सिंह