पाकिस्तान में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का जीना मुहाल हो गया है. फिल्म 'धुरंधर' का साया ऐसा छाया है कि वो बुरी तरह से बौखला गया है. एक तरफ पाकिस्तान में अचानक मरते आतंकी, दूसरी तरफ फिल्म 'धुरंधर' में 'बड़े साहब' का बदहाल हाल. इसे देख डॉन बुरी तरह भड़का हुआ है.
दाऊद गैंग मुंबई से लेकर भारत के कई हिस्सों में आतंक फैलाने की साजिश रच रहा है. डी कंपनी अपने कमजोर पड़ते प्रभाव को दोबारा स्थापित करने के लिए किसी बड़े हमले की योजना बना रही है.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पंजाब में कार्रवाई करते हुए ISI, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और दाऊद इब्राहिम से जुड़े एक टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है.
इस कार्रवाई में 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है. आरोपियों से पूछताछ में दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरों में आतंकी हमलों की साजिश के संकेत मिले हैं. इसके साथ ही विदेशी हथियार, ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री बरामद होने का दावा किया गया है.
जांच एजेंसियों का दावा है कि कराची में बैठे दाऊद इब्राहिम के करीबी सैयद मुदस्सर हुसैन उर्फ मुन्ना झिंगाड़ा इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था. कराची के क्लिफ्टन इलाके में स्थित दाऊद के व्हाइट हाउस से कुछ किलोमीटर दूर एक सुरक्षित ठिकाने से मुन्ना झिंगाड़ा वीडियो कॉल और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए भारत में मौजूद लोगों के संपर्क में था. आरोप है कि इसी नेटवर्क के जरिए नए लोगों की भर्ती की जा रही थी. जांच में यह सामने आया कि कुछ संदिग्धों ने कई जगहों की रेकी की थी.
जांच में मुंबई दादर रेलवे स्टेशन, कुछ बड़े पुलों और अन्य रणनीतिक स्थानों के वीडियो मिलने का दावा किया गया है. सुरक्षा बलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को भी संभावित निशानों में शामिल किया गया था.
गिरफ्तार किए गए लोगों में उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब और नेपाल से जुड़े संदिग्ध शामिल हैं. एजेंसियों का कहना है कि इनके कब्जे से बरामद हथियारों और ग्रेनेड की जांच की जा रही है. कुछ विस्फोटकों को निष्क्रिय करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की मदद भी ली गई.
इस बीच अहमदाबाद के एक स्पोर्ट्स क्लब में धमकी भरा पत्र मिलने का मामला भी सामने आया. पत्र में दाऊद इब्राहिम और लश्कर-ए-तैयबा का नाम लेकर 21 जून को विस्फोट की धमकी दी गई थी.
हालांकि मौके पर पहुंची जांच एजेंसियों को तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दूसरी ओर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दाऊद के करीबी बताए जाने वाले ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला से जुड़े मुंबई और गुजरात के करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की है.
सलीम डोला को कथित तौर पर अप्रैल 2026 में तुर्की से भारत लाया गया था और उस पर मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप हैं. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं.
जांच अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़ी घटना को रोका जा सका. वहीं दाऊद इब्राहिम, ISI और डी-कंपनी की कथित गतिविधियों को लेकर कई स्तरों पर जांच जारी है. आने वाले दिनों में पूछताछ और डिजिटल सबूतों के आधार पर बड़े खुलासे हो सकते हैं.
आजतक ब्यूरो