नेपाल की सत्ताधारी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के प्रमुख रबी लामिछाने मंगलवार को दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नेता नितिन नवीन से मिले. इस मुलाकात में सिर्फ औपचारिक बातें नहीं हुईं, बल्कि बीजेपी के काम करने के तरीके, संगठन तथा जमीनी स्तर तक पहुंच बनाने के मॉडल पर भी विस्तार से चर्चा हुई. बीजेपी मुख्यालय पहुंचे नेपाली प्रतिनिधिमंडल का स्वागत भी बेहद खास अंदाज में किया गया.
रबी लामिछाने के नेतृत्व में RSP का यह प्रतिनिधिमंडल भारत के दौरे पर आया है. यह दौरा बीजेपी नेता नितिन नवीन के निमंत्रण पर हो रहा है. प्रतिनिधिमंडल सोमवार को दिल्ली पहुंचा था, मंगलवार को बीजेपी मुख्यालय में दोनों पक्षों के बीच यह अहम बातचीत हुई. इस मुलाकात को भारत-नेपाल के राजनीतिक रिश्तों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) के मुताबिक, बीजेपी के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने बताया कि मुलाकात के दौरान नितिन नवीन ने बीजेपी की कार्यशैली, विचारधारा व संगठनात्मक ढांचे के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की. उन्होंने समझाया कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कैसे काम करती है और किस तरह जमीनी कार्यकर्ताओं के जरिए आम लोगों से लगातार सीधा संपर्क बनाए रखती है.
इस बैठक के दौरान नेपाल की RSP पार्टी की खास दिलचस्पी बीजेपी की सदस्यता प्रक्रिया, उम्मीदवार चयन तथा जमीनी कार्यकर्ताओं की पहचान करने के तरीके को समझने में रही. प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से यह जानने की कोशिश की कि बीजेपी इतनी बड़ी संख्या में लोगों तक कैसे पहुंचती है और अपने संगठन को हमेशा मजबूत कैसे बनाए रखती है.
मोदी सरकार के मॉडल तथा युवाओं की राजनीति पर भी हुई चर्चा
नितिन नवीन ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास व जनकल्याण मॉडल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी का पूरा फोकस सेवा, सुशासन तथा लोगों तक सरकारी योजनाओं का सीधा फायदा पहुंचाने पर रहा है. यही वजह है कि पार्टी चौबीसों घंटे जनता से सीधे जुड़ी रहती है.
दोनों नेताओं के बीच राजनीति में युवाओं, खासकर जेनरेशन Z की बढ़ती भूमिका पर भी खुलकर बात हुई. इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि पीएम मोदी युवाओं की सोच, भाषा, ऊर्जा को समझते हैं. पीएम मोदी मिलेनियल्स से भी ज्यादा मिलेनियल दिखते हैं और वह जेन-जी से भी ज्यादा जेन-जी हैं. चर्चा इस बात पर केंद्रित रही कि आने वाले समय में युवा लोकतंत्र, नेतृत्व व राजनीतिक बहस को किस तरह प्रभावित कर सकते हैं. बीजेपी की ओर से इस मुलाकात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया गया, जिसका मकसद दोनों पार्टियों के बीच संवाद बढ़ाना तथा संगठनात्मक अनुभव साझा करना है.
aajtak.in