20 जून को देशभर में होगा आंदोलन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर क्या बोली कॉकरोच जनता पार्टी

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से 13 जून तक इस्तीफा देने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट, सीबीएसई और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में गड़बड़ियों से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं. दिपके ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि 20 जून को देशभर के छात्र और युवा दिल्ली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.

Advertisement
कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था. Photo PTI कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था. Photo PTI

aajtak.in

  • पुणे,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:41 PM IST

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों ने देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है.

पुणे में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिपके ने कहा कि देश का युवा अब छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चुप रहने को तैयार नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 13 जून तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा.

Advertisement

दिपके ने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों के कारण कई छात्रों ने कथित तौर पर आत्महत्या की है. उनका दावा है कि नीट, सीबीएसई और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं के कारण एक करोड़ से अधिक छात्र प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब तक किसी ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है.

उन्होंने बताया कि 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आयोजित कर धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई थी. दिपके ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं की जिम्मेदारी किसी न किसी को लेनी होगी.

दिपके के अनुसार, यदि 13 जून तक इस्तीफा नहीं आता है तो आंदोलन की शुरुआत पुणे से की जाएगी. उन्होंने बताया कि 11 जून को शाम 4 बजे पुणे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित होगा, जिसके बाद लखनऊ, अमृतसर, जयपुर और बेंगलुरु में भी विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे.

Advertisement

उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक, सर्वर फेल होने जैसी समस्याओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है.

दिपके ने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो 20 जून को देशभर के छात्र और युवा दिल्ली पहुंचेंगे. उन्होंने दावा किया कि वह स्वयं भी इस आंदोलन में शामिल होंगे और लोगों से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की अपील करेंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस-यूक्रेन युद्ध को रुकवाने का प्रयास कर सकते हैं, तो शिक्षा मंत्री का इस्तीफा सुनिश्चित करना भी उनके लिए संभव है.

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर देश में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »