मुंबई के घाटकोपर पश्चिम इलाके में बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया. नवाज चॉल में लोग सो रहे थे, तभी अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा झोपड़ियों पर गिर गया. हादसा रात करीब 3 बजे हुआ. भूस्खलन की चपेट में करीब 6-7 झोपड़ियां आ गईं. इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है. इस हादसे में 7 लोगों के घायल होने की बात भी सामने आई है.
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय समीर अंसारी, 10 वर्षीय साहिल अंसारी, 18 वर्षीय जीनत और मन्नत और आबन नामक दो बालकों के रूप में हुई है. हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
बचाव अभियान लगभग पूरा हो गया है. NDRF, दमकल विभाग की टीमें मलबे में राहत कार्य कर रही हैं. हालांकि, रास्ता काफी संकरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF को थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें: हिमाचल में डरा देने वाला हादसा! चलती गाड़ी पर आ गिरा पत्थर-मलबा- VIDEO
अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है. कुर्ला भाभा अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट से दोपहर करीब 12:30 बजे मिली जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में कुल चार घायलों को लाया गया. इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी को सिर में चोट लगी है. इसके अलावा 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी, 28 वर्षीय नईमुद्दीन इकबाल खान और 16 वर्षीय साजिद अंसारी अस्पताल में भर्ती हैं. सभी की हालत स्थिर बताई गई है.
वहीं, राजावाड़ी अस्पताल में कुल 10 लोगों को लाया गया, जिनमें से सात लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान 14 वर्षीय मोहम्मद समीर अंसारी, 19 वर्षीय साहिल हुसैन अब्दुल काजी, 2 वर्षीय अबान आरिफ शेख, 4 वर्षीय मनत आरिफ शेख, 27 वर्षीय मरजीना आरिफ शेख और 27 वर्षीय विकेत रमेश यादव के रूप में हुई है. इसके अलावा करीब 45 वर्षीय एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है.
राजावाड़ी अस्पताल में 28 वर्षीय फराना दिलबर खान, 38 वर्षीय दिलबर अमनुल्ला खान और 26 वर्षीय शमीन मुस्लिम खान का इलाज चल रहा है. तीनों की हालत स्थिर बताई गई है.
DCP गणेश शिंदे ने बताया कि बारिश के कारण अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ. DCP गणेश शिंदे ने कहा, "बचाव अभियान BMC, NDRF, दमकल विभाग समेत सभी एजेंसियों और पुलिसकर्मियों को लगाया गया है. बता दें, कुर्ला में राठौड़ मेडिकल के पास चिराग नगर की गौसिया चाल में सुबह करीब 3:48 बजे भूस्खलन हुआ था जिसके कारण यह हादसा हुआ.
इस मामले पर राजनीति भी शुरु हो गई है. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से प्रशासन पर आरोप लगाया गया है. उनका कहना है कि प्रशासन की लापरवाही से घटना हुई है. उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि प्रशासन ने लोगों को शिफ्ट नहीं कराया जिसके कारण यह घटना घटी. घाटकोपर में घटनास्थल पर मुंबई मेयर रितु तावड़े और अतिरिक्त नगर आयुक्त (पूर्वी उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकने भी पहुंच गए हैं.
मोहम्मद एजाज खान / दीपेश त्रिपाठी / मुस्तफा शेख