प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 132वें एपिसोड में अपने संबोधन में कहा कि दुनिया पहले ही कोविड महामारी के कारण लंबे समय तक कई समस्याओं से गुजरी है. उम्मीद थी कि कोरोना के बाद वैश्विक स्तर पर हालात सुधरेंगे और दुनिया तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगी.
लेकिन उन्होंने कहा कि इसके विपरीत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लगातार युद्ध और संघर्ष की स्थिति बनती गई है. उन्होंने खास तौर पर पड़ोसी क्षेत्र में पिछले एक महीने से चल रहे भीषण युद्ध का जिक्र किया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में लाखों भारतीयों के परिवार और रिश्तेदार रहते हैं, खासकर खाड़ी देशों में काम करने वाले लोग. उन्होंने खाड़ी देशों का आभार जताते हुए कहा कि वे वहां रह रहे एक करोड़ से अधिक भारतीयों की मदद कर रहे हैं.
ऊर्जा संकट और भारत की तैयारी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है, वही भारत की ऊर्जा जरूरतों का एक बड़ा केंद्र है. इस कारण दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट की स्थिति बन रही है.
उन्होंने कहा कि भारत अपने वैश्विक संबंधों और पिछले एक दशक में बनी ताकत के कारण इन परिस्थितियों का मजबूती से सामना कर रहा है.
देशवासियों से अपील
प्रधानमंत्री ने इसे चुनौतीपूर्ण समय बताते हुए कहा कि सभी देशवासियों को एकजुट होकर इस संकट से बाहर निकलना होगा. उन्होंने “मन की बात” के जरिए लोगों से अपील करते हुए कहा कि देशहित को सर्वोपरि रखना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने सऊदी प्रिंस से की बात, बोले- एनर्जी ठिकानों पर हमले बर्दाश्त नहीं, समंदर में पक्की हो सुरक्षा
राजनीति और अफवाहों पर चेतावनी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है. उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वाले देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक रहें और किसी भी अफवाह के बहकावे में न आएं.
उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे देश ने पहले भी 140 करोड़ देशवासियों की ताकत से बड़े संकटों का सामना किया है, वैसे ही इस बार भी देश एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकल जाएगा. उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसके करोड़ों नागरिकों में निहित है.
युवाओं की भागीदारी पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और जब युवाओं की ताकत राष्ट्र निर्माण में जुड़ती है, तो बड़े बदलाव आते हैं.
उन्होंने “माय भारत” संगठन का जिक्र करते हुए बताया कि यह युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ रहा है. बजट फेस्ट और उससे जुड़ी प्रतियोगिताओं में लाखों युवाओं की भागीदारी इसका उदाहरण है. उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार देश के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.
खेलों में उपलब्धियों का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की टी-20 विश्व कप जीत का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पूरे देश में उत्साह का माहौल बना. उन्होंने जम्मू-कश्मीर की रणजी ट्रॉफी जीत का भी उल्लेख किया और इसे लंबे इंतजार के बाद मिली बड़ी सफलता बताया. उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि इससे युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा.
खेल और फिटनेस पर संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के युवा नए-नए खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने हाफ मैराथन और स्क्वॉश जैसे खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने महिलाओं की भागीदारी की भी सराहना की और कहा कि देश की नारी शक्ति खेलों में अहम भूमिका निभा रही है.
यह भी पढ़ें: 'ये विकसित UP की उड़ान का प्रतीक बनेगा', नोएडा के जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर बोले पीएम मोदी
फिटनेस और स्वास्थ्य पर अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपनी फिटनेस पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस करीब है और योग के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने लोगों से चीनी (शुगर) और खाने के तेल के इस्तेमाल में कमी लाने की भी सलाह दी, ताकि लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों से बचा जा सके.
शिक्षा और अभ्यास पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि निरंतर अभ्यास से ही ज्ञान और समझ बढ़ती है. उन्होंने बेंगलुरु में शिक्षा से जुड़े एक प्रयास का जिक्र करते हुए कहा कि सीखने में सक्रिय भागीदारी बहुत जरूरी होती है.
aajtak.in