केरलम के वायनाड में हुए भयानक भूस्खलन में अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. इस बीच मलबे से एक और शव बरामद किया गया है, जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 6 हो गई है. वहीं, इस तबाही के बीच कई ऐसी कहानियां भी सामने आ रही हैं, जहां लोग मौत के मुंह से बिल्कुल करीब से बचकर निकले हैं.
पलराज और कूडम्माल भी उन्हीं में से एक हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक सीसीटीवी वीडियो के आखिर में जिस कपल को बाल-बाल बचकर निकलते हुए देखा गया था, वो पलराज और कूडम्माल ही हैं.
पलराज और कूडम्माल ने लैंडस्लाइड के बाद अपनी आंखों के सामने मौत का वो खौफनाक मंजर देखा और किसी तरह से अपनी जान बचाई.
'पहले धीरे-धीरे आया मलबा, फिर अचानक तेज हो गया'
पलराज और कूडम्माल पेशे से मजदूर हैं और वायनाड के एक एस्टेट में काम करते हैं. अपनी आपबीती सुनाते हुए उन्होंने बताया, 'कल हमारे पास काम नहीं था. हम कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए मेप्पाडी जाने वाले थे. इसके लिए हम बस स्टेशन पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे.'
उन्होंने आगे बताया, 'तभी अचानक हमने देखा कि ऊपर से मलबा नीचे आ रहा है. शुरुआत में ये बहुत धीरे-धीरे नीचे की तरफ बढ़ा. लेकिन देखते ही देखते इसकी रफ्तार बेहद तेज हो गई. ये देखकर हमारे होश उड़ गए. हम अपनी जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाते हुए और रोते-चिल्लाते हुए वहां से भागे.'
पूरी तरह तबाह हो गया बस स्टैंड
कूडम्माल ने बताया कि जब वो भाग रहे थे, तो उन्होंने पीछे मुड़कर भी नहीं देखा. उनका पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ वहां से सुरक्षित निकलने पर था. उन्होंने कहा, 'ये हमारा एक चमत्कारिक बचाव था. भगवान ने हमें बचा लिया. हम जिस बस स्टैंड पर खड़े थे, वो अब पूरी तरह तबाह हो चुका है.'
यह भी पढ़ें: केरल के वायनाड लैंडस्लाइड पर बड़ा खुलासा, मंत्री ने बताया 'मानव निर्मित आपदा', टनल प्रोजेक्ट पर उठे सवाल
जब उनसे पूछा गया कि क्या बस स्टैंड पर उनके अलावा और भी लोग थे, तो उन्होंने कहा, 'उस समय हम इतने डरे हुए थे कि हमें ठीक से याद नहीं है कि वहां और कितने लोग खड़े थे.'
शिबिमोल