'लोग बाढ़ से जूझ रहे, ये कार्यक्रमों में घूम रहे हैं', वायरल वीडियो पर घिरे केरलम CM सतीशन

केरलम में बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के दो सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर सियासी विवाद छिड़ गया है. विपक्ष और सोशल मीडिया पर उनके कार्यक्रमों के समय को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.

Advertisement
कार्यक्रम के दौरान पहुंचे सीएम वी डी सतीशन कार्यक्रम के दौरान पहुंचे सीएम वी डी सतीशन

शिबिमोल

  • तिरुवनन्तपुरम,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:52 PM IST

केरलम में भारी बारिश और आपदा के बीच  मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के दो कार्यक्रमों में जाने की तस्वीरें वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. विपक्ष ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं, जबकि ये कार्यक्रमों में घूम रहे हैं. एक तरफ आम जनता कुदरत की मार झेल रही है, तो दूसरी तरफ उनके एक आयोजन में शामिल होने और कोच्चि में ज्वैलरी शोरूम का फीता काटने की तस्वीरें सामने आई हैं. वहीं, राहुल गांधी ने केरलम में हुई तबाही पर दुख जताया है.

Advertisement

पूरा मामला मलप्पुरम में यूथ लीग के एक नेता के घर आयोजित दावत से जुड़ा है. इस कार्यक्रम का वीडियो फैसल बाफाकी थंगल ने सोशल मीडिया पर साझा किया. पोस्ट में लिखा गया कि मुख्यमंत्री उनके घर दोस्ताना मुलाकात के लिए पहुंचे थे. वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने इसकी आलोचना की और सवाल उठाया कि जब राज्य के कई हिस्से बारिश की मार झेल रहे थे, तब ऐसे कार्यक्रम में शामिल होना कितना उचित था.

ज्वैलरी शोरूम का फीता काटने पर भड़का विपक्ष

विवाद अभी थमा भी नहीं था कि कोच्चि से एक और तस्वीर सामने आ गई. सतीशन वहां एक भव्य ज्वैलरी शोरूम का उद्घाटन करने पहुंचे थे. इस कदम ने आग में घी डालने का काम किया. विरोधी दलों ने इस पर सख्त ऐतराज जताया है. उनका कहना है कि जब आम नागरिक राहत शिविरों में दिन गुजार रहे हैं, तब ऐसी प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल उठते हैं.

Advertisement

सीपीएम सांसद ए ए रहीम ने भी फेसबुक पोस्ट लिखकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि शुरू में तस्वीरों पर यकीन करना मुश्किल था, सच जानने के लिए वीडियो की जांच करनी पड़ी. जिस समय अलग-अलग जिलों में हजारों नागरिक आपदा से जूझ रहे थे, उस वक्त ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होना पूरी तरह से गलत समय पर लिया गया फैसला है.

राहुल गांधी ने जताया दुख

इस आपदा के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर केरलम में भारी बारिश से हुई तबाही पर गहरा दुख जताया. हादसों में अपनी जान गंवाने वाले आठ लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने लापता लोगों के सुरक्षित मिलने, घायलों के जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मदद, राहत बचाव कामों में पूरी ताकत से जुटी हुई है. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, वॉलिंटियर्स से राहत अभियानों में बढ़-चढ़कर मदद करने की अपील की. पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पूरा केरलम एक साथ खड़ा है, वह हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »