सिद्धारमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. कांग्रेस ने सिद्धारमैया को राज्यसभा के रास्ते दिल्ली लाने और राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका का ऑफर दिया था. सिद्धारमैया ने इस्तीफे के बाद यह स्पष्ट कह दिया है कि वह न तो राज्यसभा जाएंगे, और ना ही राष्ट्रीय राजनीति में ही उनकी कोई रुचि है. सिद्धारमैया कर्नाटक की राजनीति में ही सक्रिय भूमिका चाहते हैं.
सिद्धारमैया के इनकार के बावजूद कांग्रेस में उनको राज्यसभा के रास्ते दिल्ली आने के लिए मनाने की कोशिशें जारी हैं. फिलहाल, सिद्धारमैया बेंगलुरु से दिल्ली वाया जयपुर पहुंचे हैं. कर्नाटक के कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की है.
-कर्नाटक में विधायक दल की बैठक 30 मई को होगी. इस बैठक में औपचारिक रूप से डीके शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा.
-डीके शिवकुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की. शिवकुमार ने खड़गे से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया.
-कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सिद्धारमैया बेंगलुरु लौट गए हैं.
-MLC नागराज यादव ने मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखा है. नागराज ने खड़गे को लिखे पत्र में अपने लिए कैबिनेट बर्थ की डिमांड की है. उन्होंने कहा है कि या तो मुझे कर्नाटक सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया जाए, या फिर राज्यसभा भेजा जाए.
-कोलार जिले के कई विधायक और विधान परिषद सदस्य 10 राजाजी मार्ग पहुंच गए हैं. इन विधायकों की मांग है कि कोलार जिले को भी नई कैबिनेट में प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए.
-राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को गले लगाकर उनका स्वागत किया. सिद्धारमैया ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने पसंदीदा उम्मीदवार का नाम राहुल गांधी को सौंप दिया है. सिद्धारमैया के राज्यसभा जाने पर सस्पेंस अभी भी बना हुआ है.
-मल्लिकार्जुन खड़गे, सिद्धारमैया के कंधे पर हाथ रखे नजर आए. हालांकि, इस संबंध में अधिक डिटेल अभी नहीं आई है कि दोनों नेताओं के बीच इस मुलाकात के दौरान क्या बातचीत हुई.
सिद्धारमैया ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को नई कैबिनेट के लिए अपनी लिस्ट सौंप दी है. इस लिस्ट में उन नेताओं के नाम हैं, जिन्हें सिद्धारमैया सूबे की नई सरकार में मंत्री बनते देखना चाहते हैं. सिद्धारमैया ने राज्यसभा के साथ ही एमएलसी चुनाव के लिए भी अपनी पसंद के उम्मीदवारों के नाम राहुल गांधी को सौंप दिए हैं.
सिद्धारमैया ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात में अपने बेटे डॉक्टर यतींद्र सिद्धारमैया के लिए पसंद के विभाग की भी डिमांड कर दी है. सिद्धारमैया अपने बेटे के लिए चिकित्सा शिक्षा और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग या उद्योग विभाग या फिर जल संसाधन विभाग चाहते हैं. राहुल गांधी के अलावा सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की है.
सिद्धारमैया की मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है. इस तस्वीर में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे सिद्धारमैया के कंधे पर हाथ रखे हुए नजर आ रहे हैं. नई सरकार में तीन डिप्टी सीएम की भी चर्चा है. एक डिप्टी सीएम एससी समाज से बनाया जा सकता है. जी परमेश्वर या प्रियंक खड़गे एससी वर्ग से डिप्टी सीएम के दावेदार बताए जा रहे हैं.
वहीं, एसटी वर्ग से सतीश जरकीहोली और लिंगायत समाज से एमबी पाटिल का नाम भी डिप्टी सीएम की रेस में शामिल है. इससे पहले, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बीती रात सतीश जरकीहोली को फोन किया. वेणुगोपाल ने सतीश जरकीहोली से स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी 'एक व्यक्ति, एक पद' के फॉर्मूले पर चलती है.
केसी वेणुगोपाल ने सतीश जरकीहोली से कहा कि या तो वह कैबिनेट मंत्री बन जाएं या फिर प्रदेश अध्यक्ष. सतीश जरकीहोली ने इस पर सिद्धारमैया से चर्चा के बाद इस संबंध में उनको जानकारी देने की बात कही. वहीं, कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष और अगले मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे चल रहे डीके शिवकुमार भी दिल्ली में हैं. डीके शिवकुमार के दिल्ली में केसी वेणुगोपाल से मिलने का कार्यक्रम है.
नागार्जुन / राहुल गौतम