दुल्हन की आंख खुली तो सीने पर था पायलट पति का शव, शादी के कुछ घंटे बाद उजड़ गई दुनिया

अमेरिका के जॉर्जिया में शादी के कुछ घंटे बाद भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई. उनकी पत्नी जेस्नी घायल हो गईं और करीब पांच घंटे तक मलबे में फंसी रहीं. खराब मौसम के बीच हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

Advertisement
हेलीकॉप्टर हादसे में भारतीय मूल के दूल्हे की मौत. (सौजन्य: अटलांटा न्यूज़ फर्स्ट) हेलीकॉप्टर हादसे में भारतीय मूल के दूल्हे की मौत. (सौजन्य: अटलांटा न्यूज़ फर्स्ट)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 01 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:59 PM IST

यह खबर एक ऐसे हादसे की है जिसने शादी की खुशियों को कुछ ही घंटों में मातम में बदल दिया. भारतीय मूल के 25 वर्षीय डेव फिजी ने शुक्रवार को अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की थी. परिवार, रिश्तेदारों और सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में उनकी शादी हुई थी. लेकिन उसी रात एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना ने उनकी जिंदगी छीन ली. अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जॉर्जिया के डॉसन काउंटी में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में डेव फिजी और हेलीकॉप्टर पायलट की मौत हो गई. वहीं उनकी पत्नी जेस्नी घायल हो गईं. उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है.

Advertisement

डेव फिजी अटलांटा के रहने वाले थे और डेल्टा एयर लाइंस में पायलट के रूप में कार्यरत थे. उनकी शादी शुक्रवार को डॉसनविल के पास स्थित द रेवेरे नाम के वेडिंग और इवेंट्स वेन्यू में हुई थी. परिवार के अनुसार, शादी समारोह में सैकड़ों मेहमान शामिल हुए थे और पूरा कार्यक्रम बेहद शानदार तरीके से संपन्न हुआ था. डेव के माता-पिता जॉर्ज और फीबा फिजी मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले के मुवत्तुपुझा क्षेत्र से अमेरिका गए थे. वहीं जेस्नी का परिवार भी केरल के अलाप्पुझा जिले से जुड़ा हुआ है.

हादसे के बाद डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने अपने बेटे को याद करते हुए कहा कि वह उनके लिए भगवान का दिया हुआ अनमोल उपहार था. उन्होंने बताया कि शादी समारोह बेहद खूबसूरत रहा और परिवार इससे ज्यादा कुछ नहीं मांग सकता था. लेकिन इसके कुछ ही घंटों बाद सब कुछ बदल गया. 

Advertisement

जानकारी के अनुसार, शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा हेलीकॉप्टर से पीचट्री-डीकाल्ब एयरपोर्ट जाने वाला था. वहां से उन्हें अटलांटा शहर के एक होटल में रात बितानी थी. हालांकि समारोह के अंत तक मौसम खराब हो चुका था. रात करीब साढ़े नौ बजे कार्यक्रम समाप्त हुआ और उस समय इलाके में बारिश और घना कोहरा था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी.

शादी की रात दर्दनाक हादसा

डेव फिजी खुद एक अनुभवी कमर्शियल पायलट थे और खराब मौसम में उड़ान भरने को लेकर चिंतित थे. उनके पिता ने बताया कि डेव ने कहा था कि वह इतनी कम दृश्यता में उड़ान नहीं भरते. इसके बावजूद हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी. बताया गया कि पायलट ने ऊंचाई बढ़ाकर उड़ान भरने का फैसला किया था. 

उड़ान भरने के कुछ समय बाद पांच सीटों वाला रॉबिन्सन हेलीकॉप्टर डॉसनविल के दक्षिण-पश्चिम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह इलाका घने जंगलों, पहाड़ियों और कठिन भूभाग वाला माना जाता है. हादसे के बाद जेस्नी करीब पांच घंटे तक मलबे और गिरे हुए पेड़ों के नीचे फंसी रहीं. जॉर्ज फिजी ने बताया कि जब जेस्नी को होश आया तो वह मलबे के नीचे थीं. उन्होंने देखा कि डेव उनके सीने पर पड़े हुए थे. जेस्नी पेशे से नर्स हैं. उन्होंने डेव को छूकर पुकारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

Advertisement

शादी से होटल जा रहे थे नवविवाहित

जेस्नी को शरीर पर कई जगह गहरे घाव और चोटें आई हैं. हालांकि उनके शरीर की कोई हड्डी नहीं टूटी है. परिवार के अनुसार, वह अपने पति को खोने के सदमे से पूरी तरह टूट चुकी हैं. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार रात डॉसन काउंटी शेरिफ कार्यालय को एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी. बाद में फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पुष्टि की कि रात करीब साढ़े दस  बजे डॉसनविल के पास एक रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था. हेलीकॉप्टर में तीन लोग सवार थे.

हादसा स्थल के पास रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने बताया कि बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण था. घने जंगल और कठिन रास्तों के कारण राहत दल को मलबे तक पहुंचने में काफी समय लगा. बचावकर्मियों को ऑफ-रोड वाहनों का इस्तेमाल करना पड़ा और रास्ता बनाने के लिए घनी झाड़ियों को काटना पड़ा. घायल महिला को बाहर निकालने में करीब छह घंटे का समय लगा.

नवविवाहित जोड़े की खुशियां चंद घंटों में खत्म

हेलीकॉप्टर की मालिक कंपनी प्रेस्टिज हेलीकॉप्टर्स के ऑपरेशंस डायरेक्टर एंडी व्हिटेकर ने कहा कि कंपनी के 40 साल के इतिहास में इस तरह की दुर्घटना पहली बार हुई है. उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर का पायलट इस मार्ग से परिचित था और कंपनी का सुरक्षा रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है. अब इस दुर्घटना की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड कर रहा है. प्रारंभिक जांच रिपोर्ट अगले 30 दिनों के भीतर आने की उम्मीद है. फिलहाल एक खुशहाल शादी की यादें और अचानक हुआ यह दर्दनाक हादसा दोनों परिवारों के लिए गहरे दुख का कारण बन गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »