सर्द हवाएं, गुनगुनी धूप... उत्तर भारत में ठंड ने दी दस्तक! इन राज्यों में आंधी-पानी का IMD अलर्ट

IMD Weather Update: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और सुबह-शाम की ठंड के साथ सर्दी की आहट तेज हो रही है. दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिर सकता है. वहीं, दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून के चलते भारी बारिश, तेज हवाओं और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है.

Advertisement
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और सुबह-शाम की ठंड के साथ सर्दी की आहट तेज हो रही है. (Photo: PTI) उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और सुबह-शाम की ठंड के साथ सर्दी की आहट तेज हो रही है. (Photo: PTI)

आजतक बिजनेस डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:21 AM IST

मौसम धीरे-धीरे करवट लेने लगा है. उत्तर भारत में सुबह, शाम और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड ने दस्तक दे दी है. आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में पारा और नीचे जा सकता है, जिससे गर्म कपड़े पहनने की महसूस होने लगेगी. हालांकि, दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी. दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग (IMD) ने 17 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.

Advertisement

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. दिन में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा, लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट आएगी. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. देश की राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था.

दिल्ली में सुबह पूर्व दिशा से 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दोपहर में इनकी गति घटकर करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा और शाम या रात तक 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. फिलहाल राजधानी में भारी बारिश की संभावना नहीं है. आने वाले दिनों में रात का पारा और नीचे जाने पर ठंड का असर बढ़ सकता है.

Advertisement

पूरे उत्तर भारत में गिरेगा तापमान

उत्तर भारत के मौसम में बदलाव की एक वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और उससे जुड़ी मौसमी प्रणालियां (Weather Systems) हैं. फिलहाल उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से करीब 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है. इसके अलावा दक्षिण हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और दक्षिणी राजस्थान से सटे उत्तरी गुजरात के आसपास भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं.

इन मौसमी प्रणालियों के कारण 17 और 18 अक्टूबर के साथ 21 और 22 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी शनिवार को छिटपुट बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान नीचे जाने की संभावना है. खासकर रात के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में शनिवार को ज्यादातर इलाकों में मौसम गर्म और शुष्क रहने का अनुमान है. कुछ जगहों पर धुंध के बीच धूप निकल सकती है. राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखना जरूरी होगा. अगले कुछ दिनों में रात का तापमान गिरने से सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है. बिहार के मौसम को लेकर शनिवार के लिए कोई बड़ा अलर्ट नहीं है.

Advertisement

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में बारिश के आसार

पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में शनिवार को छिटपुट बारिश हो सकती है. इन राज्यों में मॉनसून की वापसी के बाद भी हाल के दिनों में बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी मौसमी गतिविधियों को बताया है.

हरियाणा में ज्यादातर जगहों पर धूप निकलने और दिन में मौसम गर्म रहने का अनुमान है. राज्य में तापमान करीब 18 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि, कुछ इलाकों में दोपहर के समय गरज के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ रात के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और ठंड का असर

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 17-18 अक्टूबर और फिर 21-22 अक्टूबर को इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में शनिवार को बादलों के बीच धूप निकल सकती है, जबकि दोपहर में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. उत्तराखंड में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और धुंध के बीच धूप निकलने की संभावना है. हालांकि, सुबह और रात के समय तापमान अपेक्षाकृत कम रह सकता है. पहाड़ी इलाकों में मौसम में बदलाव का असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर भी पड़ सकता है.

Advertisement

पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत में कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिम बंगाल में शनिवार को ज्यादातर इलाकों में धुंध के बीच धूप निकलने और मौसम गर्म रहने का अनुमान है. कई जगहों पर तापमान 23 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम की स्थिति अलग-अलग हो सकती है. मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. हालांकि, अलग-अलग इलाकों में स्थानीय स्तर पर बादल छाने या बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं. इन क्षेत्रों के लिए व्यापक बारिश का अलर्ट नहीं है.

दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून कराएगा भारी बारिश

उत्तर भारत में जहां ठंड की आहट तेज हो रही है, वहीं दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून की सक्रियता के कारण बारिश का दौर परेशानी बढ़ा सकता है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में 17 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान जताया है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. केरल, आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने 17 अक्टूबर की सुबह 5:30 बजे तक के 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आने का कम से कम मध्यम स्तर का जोखिम जताया है. पूर्वोत्तर मॉनसून के चलते अगले कुछ दिनों तक दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »