INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने का समय मांगा था. विपक्षी गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मिल गया है. शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति भवन ने प्रतिनिधिमंडल को रात 8 बजे का समय दिया है.
विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मिल गया है. सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति भवन ने विपक्षी गठबंधन के नेताओं को शुक्रवार रात 8 बजे का समय दिया है. INDIA ब्लॉक की ओर से राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए अनुरोध किया गया था, जिसके जवाब में राष्ट्रपति भवन ने यह समय आवंटित किया है.
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति से मिलने वाले INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल में 10 से अधिक मेंबर्स हिस्सा लेने वाले है. इनमें से छह नेताओं के नाम तय हो चुके हैं, जबकि बाकी सदस्यों के नामों पर अभी विचार चल रहा है. इस प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, सीपीआईएम नेता एमए बेबी और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय शामिल होंगे. बता दें कि अखिलेश यादव इस दल में शामिल नहीं हो रहे हैं.
अखिलेश यादव की जगह राजीव राय होंगे शामिल
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव फिलहाल दिल्ली में नहीं हैं. ऐसे में उनकी पार्टी की ओर से राजीव राय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे. बाकी नेताओं के नाम तय करने के लिए विपक्षी दलों के बीच तालमेल किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, INDIA ब्लॉक के नेता पहले संसद के सेंट्रल हॉल में इकट्ठा होंगे. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्यों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अंतिम फैसला किया जाएगा. फिलहाल राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए छह नेताओं के नाम तय हो चुके हैं. बाकी सदस्यों के नामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है.
अमित भारद्वाज