दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार, जानें देशभर का मौसम

मॉनसून की रफ्तार एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

Advertisement
दिल्ली में येलो अलर्ट दिल्ली में येलो अलर्ट

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 16 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:28 AM IST

देश में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. समुद्र तल पर मॉनसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, बरेली, गोरखपुर, पटना, बक्सर से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र तक पहुंच रही है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने इस सिस्टम के कारण अगले कुछ दिनों में पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.

Advertisement

इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

स्काईमेट के मुताबिक, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा के कुछ हिस्सों और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी बारिश होने के आसार हैं. पश्चिमी हिमालयी राज्यों, उत्तर पंजाब, गुजरात, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में बारिश के बाद लौटी उमस, येलो अलर्ट जारी

राजधानी दिल्ली में बुधवार तड़के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन इसके बाद मौसम फिर गर्म और उमस भरा हो गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Advertisement

IMD के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तर-पश्चिम भारत में अभी राहत के कम आसार

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है. हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि 20 जुलाई के बाद मॉनसून ट्रफ के दक्षिण की ओर खिसकने की संभावना है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मॉनसून फिर सक्रिय हो सकता है.

दिल्ली की हवा अभी 'मध्यम' श्रेणी में

बारिश के बावजूद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में बड़ा सुधार नहीं हुआ. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार बुधवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 159 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »