चेन्नई में एक 62 साल की महिला सड़क पार कर रही थी. तभी एक लग्जरी कार आई और उन्हें टक्कर मार दी. महिला की मौत हो गई. महिला के परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने जो बताया, वह थाने पहुंचने पर सच नहीं निकला. परिवार का दावा है कि पुलिस ने कहा था कि कार चलाने वाले शख्स को पकड़ लिया गया है. उसे शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन में रखा गया है. जब वे खुद थाने पहुंचे, तो उनका आरोप है कि वहां न आरोपी मिला, न हादसे वाली कार जब्त होने की जानकारी मिली.
घटना चेन्नई के नीलंकरई इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, एक लग्जरी कार का ड्राइवर दूसरी कार से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान सड़क पार कर रही 62 साल की कृष्णावेणी उसकी कार की चपेट में आ गईं. उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. कृष्णावेणी के एक रिश्तेदार का आरोप है कि महिला का शव करीब तीन घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा और पुलिस मदद के लिए नहीं पहुंची. परिवार ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध किया. गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए.
रिश्तेदार के मुताबिक, इसके बाद नीलंकरई पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने उन्हें बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन में रखा गया है. परिवार को लगा कि अब कार्रवाई हो गई है. उन्होंने विरोध खत्म किया और शव को वहां से हटाने दिया.
फिर थाने पहुंचे तो क्या हुआ?
परिवार का कहना है कि वे जब शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे, तो वहां की स्थिति अलग थी. रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि न तो वहां आरोपी मिला और न ही उन्हें बताया गया कि कार जब्त की गई है. इसके बाद परिवार का गुस्सा और बढ़ गया. रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें विरोध खत्म कराने के लिए आरोपी की गिरफ्तारी की बात कही थी.
यह भी पढ़ें: बाइक से बदमाश का पीछा कर रहे थे पुलिसवाले, अचानक सामने आई 8 साल की बच्ची, टक्कर लगने से घायल
कृष्णावेणी की मौत कैसे हुई, इसकी शुरुआती जानकारी सामने है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कार दूसरी गाड़ी से आगे निकलने की कोशिश कर रही थी और इसी दौरान महिला को टक्कर लगी. लेकिन अब परिवार के आरोपों ने कुछ और सवाल खड़े कर दिए हैं. हादसे के बाद पुलिस मौके पर कब पहुंची? आरोपी की पहचान हुई थी, तो उसकी गिरफ्तारी की स्थिति क्या थी? क्या कार जब्त की गई? और परिवार को शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन में आरोपी के मौजूद होने की बात किस आधार पर बताई गई? इन सवालों के जवाब पुलिस की तरफ से आने बाकी हैं. फिलहाल कृष्णावेणी की मौत के बाद उनका परिवार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई मांग रहा है. साथ ही, पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठा रहा है.
अनघा