हरिद्वार में 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' सम्मेलन के बाद बाबा रामदेव ने बृजभूषण शरण सिंह और भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयानों पर निशाना साधा. दोनों के बयान पर सवाल पूछे जाने पर रामदेव ने कहा, "रामदेव क्या है, यह पूरा देश जानता है. मैं ओछे लोगों पर टिप्पणी नहीं करना चाहता."
बाबा रामदेव हरिद्वार के श्री जी वाटिका में आयोजित ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ सम्मेलन में पहुंचे थे. इस कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह और बीजेपी सांसद कंगना रनौत के बयान को लेकर स्वामी रामदेव से सवाल पूछा. बाबा रामदेव ने कहा कि वे इस विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, "स्वामी रामदेव क्या हैं और उनका योगदान क्या है, यह पूरा देश जानता है. मैं ओछे लोगों पर टिप्पणी नहीं करना चाहता."
दरअसल, बीते दिन बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बाब रामदेव की आंदोलन वाली चेतावनी पर तंज कसा था. बाबा रामदेव ने कुछ दिनों पहले सरकारी नौकरी के इंटरव्यू में गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाया था और कहा था कि अगर हालात नहीं सुधरे तो ऐसा न हो कि उन्हें आंदोलन करना पड़ जाए. इस पर बृज भूषण शरण सिंह ने तंज कसा था. उन्होंने सवाल किया था कि क्या उनमें आंदोलन करने की क्षमता है.
वहीं, अगर कंगना रनौत की बात करें तो कंगना रनौत के 'Gen Z' को 'गटर जेनरेशन' कहने वाले बयान पर बाबा रामदेव ने आपत्ति जताई थी. रामदेव ने कंगना की निजी जिंदगी को लेकर टिप्पणी की थी, जिसका इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कंगना ने जवाब दिया था. उन्होंने कहा था कि रामदेव उनकी निजी जिंदगी के बारे में बात करना बंद करें.
यह भी पढ़ें: 'कहीं ऐसा ना हो मुझे दोबारा आंदोलन करना पड़े', बाबा रामदेव बोले- सरकारी नौकरियों में 99% घोटाला
इन्हीं बयानों को लेकर बाबा रामदेव से सवाल पूछा गया, जिसपर उन्होंने साफ कह दिया है कि वे अब इस विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं.
मुदित अग्रवाल