असम में हिमंता आज लेंगे CM पद की शपथ, ये 4 विधायक बनेंगे मंत्री

हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. यह मुख्यमंत्री के तौर पर उनका लगातार दूसरा और असम में एनडीए सरकार का लगातार तीसरी कार्यकाल होगा. हिमंता के साथ 4 मंत्री भी शपथ लेंगे.

Advertisement
असम में 12 मई को नई सरकार का गठन होगा और हिमंता बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. (Photo: PTI) असम में 12 मई को नई सरकार का गठन होगा और हिमंता बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • गुवाहाटी,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:17 AM IST

असम में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बनने जा रही है. मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को उन चार नेताओं के नामों का ऐलान किया, जो 12 मई को उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके साथ ही उन्होंने असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए भी पार्टी उम्मीदवार के नाम की घोषणा की.

Advertisement

हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 12 मई को उनके साथ चार सहयोगी मंत्री पद की शपथ लेंगे. सरमा ने जिन चार नेताओं के नाम घोषित किए हैं, उनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और एक महिला नेता अजंता नियोग शामिल हैं.

कौन हैं हिमंता सरमा के मंत्री?

रामेश्वर तेली डुलियाजन विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक चुने गए हैं. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार ध्रुब गोगोई को 10 हजार से अधिक वोटों से हराया. इससे पहले वह डिब्रूगढ़ से सांसद रह चुके हैं और मोदी 2.0 सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री भी रहे.

अतुल बोरा असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष हैं और असम विधानसभा में बोकाखाट निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने हालिया चुनाव में रायजोर दल के हरि प्रसाद सैकिया को 60,537 वोटों से हराया. पिछली सरकार में वह बॉर्डर प्रोटेक्शन एंड डेवलपमेंट मंत्री थे.

Advertisement

चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के विधायक हैं और मजबाट सीट से चुनाव जीते हैं. उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की प्रीति रेखा बरला को 55 हजार से ज्यादा वोटों से हराया.

अजंता नियोग गोलाघाट सीट से पांच बार विधायक रह चुकी हैं और असम की पहली महिला वित्त मंत्री हैं. उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार बितुपन सैकिया को 9 हजार से ज्यादा वोटों से हराया.

रणजीत कुमार दास भवानीपुर-सोरभोग सीट से बीजेपी विधायक हैं. उनको असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार बनाया गया है. वह पिछली सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रह चुके हैं.

हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उन्हें बीजेपी विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. 126 सदस्यीय असम विधानसभा में एनडीए ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है. बीजेपी ने 82 सीटें जीती हैं, जबकि उसके सहयोगी दलों असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट को 10-10 सीटें मिली हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement