'बाप भी जाएगा...', खड़गे के PM पर विवादित बयान से बवाल, अमित शाह बोले- सारी मर्यादाएं तार-तार कर दीं

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर विवादित बयान के बाद बीजेपी भड़क गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर गाली-गलौज की राजनीति करने का आरोप लगाया है. शाह ने कहा कि कांग्रेस ने मोदी परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की हैं और अब पार्टी के पास कोई नीति नहीं बची है.

Advertisement
खड़गे ने पीएम मोदी के पिता पर विवादित बयान दिया. (Photo- AP) खड़गे ने पीएम मोदी के पिता पर विवादित बयान दिया. (Photo- AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 25 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:31 PM IST

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर 'बाप भी जाएगा' वाले विवादित बयान पर हंगामा खड़ा हो गया है. खड़गे को लेकर अमित शाह, नितिन नवीन समेत बीजेपी के कई दिग्गज खुलकर मैदान में आ गए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ये तक दावा कर दिया है कि कांग्रेस के पास अब सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति बची है.

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना में पीएम मोदी के परिवार और उनके दिवंगत पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर शालीनता की सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं.

Advertisement

केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि ये पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों. इससे पहले कभी उनकी माताजी के विषय में आपत्तिजनक बातें कहीं गईं, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा गया, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया गया.

'बस गाली-गलौज की राजनीति बची है'

गृह मंत्री ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की नई सीमाएं पार कर रही है. उन्होंने लिखा, 'बीते 12 सालों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा और निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है.' 

उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है. जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है.

Advertisement

नितिन नवीन ने भी लिया आड़े हाथ

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी खड़गे के बयान पर आग बबुला हो गए हैं. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दिखाता है, उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक तय गरिमा और मर्यादा होती है, लेकिन दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना अब समूचे विपक्ष का असली संस्कार बन चुका है. ये खड़गे का अकेला बयान नहीं, बल्कि पूरी पार्टी की शिष्टाचार-विहीन सोच का सबूत है.

(Photo- X)

सीएम योगी ने कांग्रेस की माफी मांगने की मांग

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की है. उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में 'अपशब्द' का पर्याय बन चुकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी अक्षम्य और घोर निंदनीय है.

सीएम योगी ने आगे कहा कि खड़गे का ये बयान145 करोड़ भारत वासियों की भावनाओं का अपमान है. भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार करता ये कृत्य कांग्रेस की हताशा, निराशा, कुंठा और वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण है. कांग्रेस को अविलंब अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई करते हुए पूरे देश से क्षमा मांगनी चाहिए.

Advertisement

वहीं, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी निंदा करते हुए कहा कि पीएम मोदी के प्रति कांग्रेस की नफरत जगजाहिर है. प्रधानमंत्री पद की गरिमा और सार्वजनिक शालीनता को बनाए रखने वाले सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि नीतियों और विचारों के आधार पर मुकाबला करने में असमर्थ कांग्रेस अब केवल व्यक्तिगत अपमान का रास्ता चुन रही है. जनता पीएम मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है और कांग्रेस की ऐसी कुंठाओं का करारा जवाब देगी.

गिरराज सिंह बोले- राजनीतिक चापलूसी और मानसिक दिवालियापन

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अपने आकाओं की चाटुकारिता और राजनीतिक चापलूसी में कांग्रेस नेता इस हद तक गिर चुके हैं कि अब देश के लोकप्रिय और चुने हुए प्रधानमंत्री के पिता पर ओछी टिप्पणियां करने पर उतर आए हैं. गिरिराज सिंह ने कहा कि जब वैचारिक रूप से मुद्दों और नीतियों पर बहस करने का सामर्थ्य पूरी तरह खत्म हो जाता है, तब गहरी हताशा में ऐसी घटिया भाषा जुबान पर आती है.   

यह भी पढ़ें: पटना में खड़गे का PM पर विवादित बयान, युवक ने जताया विरोध तो कांग्रेस वर्कर्स ने कर दी पिटाई

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटना दौरे पर हैं. इस दौरान वो डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे. अपने संबोधन के दौरान खड़गे SIR पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा. इस पर एक व्यक्ति ने कहा, 'मोदी नहीं जाएगा'. शख्स के इसी बयान पर खड़गे ने कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »