भारत ए टीम ने दांबुला में हुए रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ए को 8 रनों से हरा दिया. वहीं, मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया है. इन खबरों के अलावा, भारत ने निर्बाध गैस सप्लाई के लिए ओमान से गुजरात के बीच डीप सी पाइपलाइन प्रोजेक्ट का ऐलान किया. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
IND A vs SL A Highlights: ऋतुराज का शतक, फिर गेंदबाजों का कहर... भारत ने श्रीलंका को 8 रनों से धोया
भारत ए ने श्रीलंका ए को मंगलवार को हुए रोमांचक वनडे मुकाबले में 8 रनों से हरा दिया. दांबुला में हुए इस मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने शतक जड़ा, बाद में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल कर श्रीलंका को 269 रनों पर निपटा दिया. भारत ए टीम ने पहले खेलते हुए 6 विकेट खोकर 277 रन का स्कोर बनाया था. यह इस त्रिकोणीय वनडे सीरीज का पहला मुकाबला था.
राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया है. बीजेपी ने मीनाक्षी नटराजन पर नामांकन पत्र में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था और चुनाव आयोग से इसे रद्द करने की मांग की थी. बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने मीनाक्षी नटराजन की उम्मीदवारी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई थी.
होर्मुज के भरोसे कब तक? 30 साल से अटका था... अब गुजरात से ओमान तक भारत करेगा ये काम
भारत ने ओमान से गुजरात के बीच एक लंबी पाइपलाइन बिछाने के प्रोजेक्ट का ऐलान कर दिया है. ये लगभग 2 हजार किलोमीटर लंबी एक गहरे समुद्र में बिछाई जाने वाली गैस पाइपलाइन होगी. इस पर करीब 40 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा. ये डीप सी गैस पाइपलाइन अब तक के सबसे गहरे समुद्री मार्गों में से एक होगी. इससे नेचुरल गैस की निर्बाध सप्लाई होगी.
मोहम्मद सिराज OUT, प्रसिद्ध कृष्णा IN... टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, BCCI ने बताई फैसले की वजह
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी ट्वेंटी सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने उनको दोनों ही सीरीज के लिए बाहर किया है. उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भारतीय टी ट्वेंटी टीम में शामिल किया गया है. बीसीसीआई ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी.
Delhi Weather: दिल्ली-NCR से मॉनसून अभी दूर, गर्मी के बीच मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट
दिल्ली NCR में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने राहतभरी खबर दी है. IMD ने दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया. दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. मौसम विभाग ने दिल्ली में मॉनसून की एंट्री 25 से 30 जून के बीच होने की संभावना जताई है.
योगी सरकार का बड़ा फैसला, तीन तलाक-एसिड अटैक पीड़िताओं को मिलेगा घर और हेल्थ कवर
योगी सरकार तीन तलाक और एसिड अटैक पीड़िताओं के लिए बड़ा फैसला लिया है. योगी सरकार उनको आवास और हेल्थ इंश्योरेंस कवर प्रदान करने की तैयारी कर रही है. महिलाओं को ये सुविधाएं प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत दिए जाने की प्लानिंग है.
रोहित-हार्दिक पर सस्पेंस खत्म, अफगानिस्तान ODI सीरीज खेलने को तैयार, ऐसे BCCI ने दी हरी झंडी
रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेल पाएंगे. दोनों को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी CoE से फिटनेस क्लीयरेंस मिल गई है. CoE में दोनों ने कई दिन तक मैच सिमुलेशन सेशन में हिस्सा लिया और अपनी फिटनेस को साबित किया. अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज का पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा.
Global Peace Index: आइसलैंड लगातार 19वीं बार सबसे शांत देश, भारत-पाक की रैंकिंग क्या है?
ग्लोबल पीस इंडेक्स 2026 की रिपोर्ट में भारत 115वें स्थान पर बरकरार है. नेपाल 26 पायदान फिसलकर सबसे बड़ी गिरावट वाला देश बना, जबकि पाकिस्तान 152वें स्थान पर पहुंच गया. लगातार 19वें साल आइसलैंड दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश रहा. इसके बाद न्यूज़ीलैंड, स्विट्ज़रलैंड, स्लोवेनिया और आयरलैंड का स्थान है.
कर्नाटक के बेलगावी में मॉनसून का तांडव, भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सड़कें बनीं दरिया
कर्नाटक के बेलगावी जिले में मॉनसून ने जबरदस्त कहर बरपाया है. पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने सावदत्ती तालुक में तबाही मचाई है. बेलगावी जिले की कई सड़कें नदियों जैसी दिख रही हैं, पानी घरों में घुस गया है. कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए हैं. बारिश इतनी तेज़ थी कि किसानों के खेत डूब गए, फसलें पानी में बहने लगीं.
री-NEET परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्री ने लिया NTA दफ्तर का जायजा, कहा- साइबर खतरे को लेकर एजेंसियां अलर्ट
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 21 जून को होने वाली री-नीट परीक्षा को लेकर NTA दफ़्तर का जायज़ा लिया. उन्होंने कहा कि साइबर खतरों को लेकर एजेंसियां अलर्ट पर हैं. प्रधान ने अधिकारियों को परीक्षा के पारदर्शी संचालन के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने छात्रों से पढ़ाई पर फोकस करने और परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा रखने की अपील की.
aajtak.in