कमरा नंबर 201, फर्जी नाम और फायरिंग का ट्रायल... टाइगर श्रॉफ गोलीकांड में नए खुलासे

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी अंधेरी के होटल में फर्जी नाम से ठहरे थे. इतना ही नहीं, हथियार की जांच के दौरान होटल के कमरे में गलती से गोली चली थी, जो बेड पर लगी. पुलिस ने इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य अनिल पंडित की भूमिका और हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी जांच शुरू की है.

Advertisement
टाइगर श्रॉफ पर हमले के 2 शूटर हरियाणा के रहने वाले हैं. (Photo: ITG) टाइगर श्रॉफ पर हमले के 2 शूटर हरियाणा के रहने वाले हैं. (Photo: ITG)

मुस्तफा शेख

  • मुंबई,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:24 PM IST

मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान नए खुलासे हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अंधेरी के एक होटल में फर्जी नाम से रुके थे. इतना ही नहीं, हथियार की जांच के दौरान होटल के कमरे में गलती से गोली भी चल गई थी, जो बेड पर लगी. आरोपियों ने होटल में रुकने के लिए अपनी पहचान छिपाई थी और वारदात से कुछ घंटे पहले वहां से निकल गए थे.

Advertisement

मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला है कि आरोपी अंधेरी स्थित आरआर रेजिडेंसी होटल के कमरा नंबर 201 में ठहरे थे. इसके लिए उन्होंने अपना नाम अंकित और मोहित बताया था. दोनों आरोपियों की पहचान फूल सिंह और रेहान के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को हरियाणा के हिसार का रहने वाला बताया था. होटल के कमरे का किराया करीब 1,500 रुपये प्रतिदिन था.

जांच के मुताबिक, आरोपी 14 अक्टूबर को सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच होटल पहुंचे थे. 18 अक्टूबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच उन्होंने होटल छोड़ दिया. इसके बाद वे दोबारा वहां नहीं लौटे. पुलिस को होटल के सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के समय के बारे में अहम जानकारी मिली है.

Advertisement

जब होटल के रूम में चल गई गोली

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले मुंबई के पास एक जगह पर हथियार चलाकर उसकी जांच की थी. पूछताछ के दौरान उन्होंने उस जगह के बारे में जानकारी दी. एक आरोपी ने दो राउंड और दूसरे ने एक राउंड गोली चलाई थी. इसके अलावा, अंधेरी के होटल के कमरे में हथियार की जांच के दौरान गलती से गोली चल गई, जो बेड पर लगी.

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, 18 अक्टूबर को शाम करीब 4 से 4:15 बजे के बीच तीन आरोपी होटल से निकले थे. इसके बाद वे जुहू के पुष्पा पार्क फुटबॉल ग्राउंड की ओर गए, जहां टाइगर श्रॉफ की कार पर हमला किया गया. पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल पीले रंग की पल्सर बाइक को 14 से 18 अक्टूबर के बीच रोजाना जुहू गली-गिल्बर्ट हिल इलाके से आरोपी ऋतिक होटल तक लाता था.

लॉरेंस गैंग के इशारे पर हमले का आरोप

इस मामले में मुंबई पुलिस ने अदालत को बताया है कि टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य अनिल पंडित के कहने पर की गई थी. पुलिस ने बुधवार को राजस्थान के कोटा से लाए गए तीन आरोपियों रेहान उर्फ सुक्का, ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और फूल सिंह को अदालत में पेश किया. अदालत ने उन्हें 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया.

Advertisement

पुलिस ने अदालत को बताया कि उसे हथियार बरामद करने, आरोपियों की साजिश और हमले के मकसद का पता लगाने के लिए पूछताछ करनी है. जांच में इलेक्ट्रॉनिक सबूत और कॉल डिटेल रिकॉर्ड जुटाने की भी जरूरत है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दो मोबाइल फोन नष्ट कर दिए हैं.

दो महिला आरोपी भी गिरफ्तार

इस बीच, जांच का दायरा हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंच गया है. मुंबई पुलिस के मुताबिक, पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं. जांचकर्ताओं का आरोप है कि दो आरोपी हथियार लेने अमृतसर गए थे, जबकि दोनों महिलाओं ने ट्रेन से हथियार मुंबई पहुंचाए. एक अन्य आरोपी ने मुंबई में रुककर हमलावरों को स्थानीय मदद दी.

गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम जुहू इलाके में गोलीबारी हुई थी. अभिनेता इस हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और वहां मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गए. घायल व्लॉगर उमेश चौहान की बुधवार को केईएम अस्पताल में गोली निकालने के लिए सर्जरी की गई. बीएमसी के मुताबिक, सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »