केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच अब सिया गोयल के माता-पिता सामने आए हैं. उन्होंने उन सवालों पर जवाब देने की कोशिश की है जो पिछले कई दिनों से इस मामले के केंद्र में बने हुए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या परिवार को सिया और चेतन चौधरी के कथित रिश्ते के बारे में पहले से जानकारी थी. सिया की मां का कहना है कि उन्हें इस बारे में कुछ भी पता नहीं था. उनके मुताबिक सगाई के बाद सिया की जिंदगी में क्या चल रहा था, इसकी उन्हें कोई ऐसी जानकारी नहीं मिली जिससे किसी प्रेम संबंध या विवाद का अंदाजा लगाया जा सके.
जब उनसे पूछा गया कि सोशल मीडिया पर सिया और चेतन के साथ घूमने-फिरने, कॉफी शॉप में मिलने और साथ समय बिताने की बातें सामने आ रही हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी नहीं थी. उनका कहना था कि परिवार को सिर्फ इतना पता था कि दोनों की पहचान थी. वहीं सिया के पिता प्रवीण गोयल ने केतन अग्रवाल के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए कहा कि केतन कई बार उनके घर आया था. वह परिवार के साथ घुल-मिल गया था और उन्हें बेटे जैसा लगने लगा था.
चेतन को कभी देखा तक नहीं, पिता का दावा
प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन उन्हें हमेशा सम्मान से पापा जी कहकर बुलाता था. उनका दावा है कि उनके और केतन के बीच बेहद अच्छे संबंध थे. इसी वजह से उन्हें कभी यह महसूस नहीं हुआ कि रिश्ते में कोई गंभीर समस्या चल रही है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि केतन को कभी सिया के फोन के लगातार व्यस्त रहने या किसी अन्य शख्स से बातचीत को लेकर संदेह था, तो इस बारे में उनसे बात की जानी चाहिए थी. उनके मुताबिक ऐसी कोई चर्चा कभी उनके साथ नहीं हुई.
सिया की मां ने दावा किया कि शादी से पहले उन्होंने कई बार अपनी बेटी से पूछा था कि क्या वह इस रिश्ते से खुश है. हर बार सिया ने कहा कि उसे केतन पसंद है और वह शादी करना चाहती है. परिवार का कहना है कि उन्हें कभी ऐसा संकेत नहीं मिला जिससे लगे कि सिया इस शादी से खुश नहीं है. उनके अनुसार दोनों वीडियो कॉल पर बात करते थे, मुलाकातें होती थीं और दोनों परिवारों के बीच भी लगातार संपर्क बना हुआ था.
मां ने बताया कि केतन एक बार उनके घर डिनर पर भी आया था. परिवार को हमेशा यही लगा कि दोनों के बीच सब कुछ सामान्य है. उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी केतन की मां ने सिया की तारीफ करते हुए कहा था कि वह उनके बेटे का बहुत ध्यान रखती है. लोहगढ़ किले की यात्रा को लेकर भी परिवार ने अपनी बात रखी. सिया की मां के अनुसार, उन्हें पता था कि दोनों ट्रैकिंग के लिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सिया ने जाने को लेकर कुछ हिचकिचाहट दिखाई थी और वीडियो कॉल के दौरान इस बारे में चर्चा भी हुई थी.
परिवार का दावा है कि उनके पास ऐसी चैट मौजूद थीं जिनमें सिया ने ट्रैकिंग पर न जाने की बात कही थी, जबकि केतन उसे साथ चलने के लिए कह रहा था. माता-पिता का कहना है कि यह सब बातचीत मोबाइल चैट में दर्ज थी. बाली ट्रिप और शादी की तैयारियों का जिक्र करते हुए मां ने कहा कि यदि उन्हें पता होता कि सिया शादी नहीं करना चाहती, तो वो शादी की तैयारियों में इतना समय और पैसा क्यों लगाते. उन्होंने बताया कि बाली ट्रिप और प्री-वेडिंग कार्यक्रमों को लेकर खरीदारी भी की गई थी.
उनके अनुसार सिया के लिए लगभग 50 हजार रुपये की शॉपिंग कराई गई थी. परिवार शादी की तैयारियों में पूरी तरह शामिल था और उन्हें कहीं से भी यह संकेत नहीं मिला कि उनकी बेटी इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहती है. जब उनसे पूछा गया कि जांच में सिया की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं, तो पिता भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी विश्वास करना मुश्किल लगता है कि उनकी बेटी ऐसा कुछ कर सकती है.
प्रवीण गोयल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्हें गहरा सदमा लगा. उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. साथ ही उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर मानते हुए तुरंत इलाज शुरू किया था. हालांकि बातचीत के दौरान उन्होंने एक बेहद कड़ा बयान भी दिया. उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी जांच और अदालत में दोषी साबित होती है तो उसे भी कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए.
माता-पिता के बयान से मामले में जुड़ा नया पक्ष
सिया की मां ने भी यही कहा कि यदि उनकी बेटी ने कोई गलत काम किया है तो उसे उसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कानून जो उचित समझे, वही फैसला करे. दूसरी ओर, परिवार ने अग्रवाल परिवार के उस आरोप को भी खारिज किया जिसमें कहा जा रहा है कि गोयल परिवार को सब कुछ पहले से पता था. प्रवीण गोयल ने कहा कि उनके परिवार में ऐसे संस्कार नहीं हैं और उन्हें किसी भी कथित साजिश की कोई जानकारी नहीं थी.
फिलहाल केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी है. पुलिस और जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों, चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य परिस्थितिजन्य सबूतों की जांच कर रही हैं. वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बीच सिया गोयल के माता-पिता का यह बयान मामले में एक नया पक्ष सामने लेकर आया है. अब अंतिम सच्चाई अदालत और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ओमकार