लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र के शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को पुलिस ने 11 दिन की मशक्कत के बाद नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. उसे नागपुर के वर्धा रोड स्थित चिंच भवन से पकड़ा गया. यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट और लखनऊ कमिश्नरेट की टीम ने नागपुर पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की. श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को भी गिरफ्तार किया गया है. तीनों पर ₹50-₹50 हजार का इनाम घोषित था. नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल ने श्रद्धा की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. लखनऊ पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लखनऊ लाया जा रहा है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे रविवार को लखनऊ में हाई कोर्ट में गिरफ्तारी पर रोक से जुड़े कागजात पर दस्तखत करने के बाद चालक दानिश के साथ फरार हो गई थी. उसकी बहन रश्मि दुबे भी उसके साथ थी. इसके बाद से ही लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ की टीमें तीनों की तलाश में जुटी थीं. हजरतगंज थाने में 9 अक्टूबर 2026 को वादिनी रंजना शर्मा की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 216/2026 दर्ज किया गया था. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया था. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीनों पर ₹50-₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था.
कानपुर नंबर की गाड़ी से मिला सुराग
श्रद्धा दुबे और उसके साथियों की तलाश के दौरान जांच टीमों को कानपुर नंबर की एक गाड़ी के बारे में जानकारी मिली. बताया जा रहा है कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और चालक दानिश के साथ इसी गाड़ी से घूम रही थी. इस सुराग के आधार पर एसटीएफ ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की. जांच के दौरान टीमों ने आईपी एड्रेस को ट्रैक किया. इसी तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस नागपुर में श्रद्धा दुबे के ठिकाने तक पहुंच गई. यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट और लखनऊ पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों का पीछा कर रही थीं.
नागपुर से आगे फरार होने की कोशिश में थी श्रद्धा
यूपी एसटीएफ के मुताबिक, श्रद्धा दुबे लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी और पुलिस से बचने की कोशिश कर रही थी. एजेंसी ने उसके व्यवहार को एक पेशेवर भगोड़े जैसा बताया. पुलिस के अनुसार, वह नागपुर से भी आगे फरार होने की कोशिश में थी, लेकिन संयुक्त टीम ने उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और चालक दानिश को गिरफ्तार किया गया है. तीनों को नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लखनऊ लाया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, शिवा शर्मा हत्याकांड में आगे की जांच और अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई जारी है.
संतोष शर्मा