मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. सूत्रों के अनुसर पुलिस ने इस वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है. बताया जा रहा है कि यह एक अत्याधुनिक हथियार है.
क्राइम ब्रांच ने यह हथियार हरियाणा से गिरफ्तार मुख्य आरोपी की निशानदेही पर जब्त किया. पुलिस के मुताबिक इसी बंदूक से रोहित शेट्टी के घर पर पांच गोलियां चलाई गई थीं. हथियार को अब बैलिस्टिक जांच के लिए एफएसएल भेज दिया गया है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि इसी से फायरिंग की गई थी.
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद
इस मामले में मुंबई पुलिस ने मल्टी स्टेट ऑपरेशन के तहत मुख्य शूटर दीपक रमेशचंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है. दीपक शर्मा आगरा का रहने वाला बताया गया है. उसके साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश से छह अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह अपराध लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोणकर द्वारा करवाया गया था. जांचकर्ताओं का कहना है कि इस फायरिंग का मकसद फिल्ममेकर को नुकसान पहुंचाना और इलाके में डर व दबदबा कायम करना था.
हरियाणा से मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हुई बरामदगी
मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस की एसटीएफ की मदद से यह कार्रवाई की. अधिकारियों के अनुसार, 1 फरवरी की घटना में शामिल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच तेजी से की जा रही है.
दिव्येश सिंह