नागपुर में धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने वाले गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं. इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में दो अज्ञात युवकों ने 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला को धार्मिक बातों में उलझाकर करीब 3.05 लाख रुपये के सोने के जेवरात और मोबाइल ठग लिए. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, मेडिकल रोड निवासी 81 वर्षीय सुजाता भगवानलाल अग्रवाल मंगलवार सुबह मंदिर में दर्शन करने गई थीं. दर्शन करने के बाद वह अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकली थीं. इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी.
एक युवक ने महिला से कहा कि मां जगदंबा आपसे रूठी हुई हैं. इसके बाद दूसरे युवक ने दावा किया कि महिला और उनके बेटों पर बड़ा संकट आने वाला है. दोनों ने कहा कि यदि समय रहते विशेष पूजा नहीं कराई गई तो परिवार पर बड़ी परेशानी आ सकती है. धार्मिक आस्था का सहारा लेकर दोनों युवकों ने महिला का भरोसा जीत लिया.
इसके बाद उन्होंने कहा कि संकट टालने के लिए एक विशेष धार्मिक प्रक्रिया करनी होगी. उन्होंने महिला को एक पीले रंग की थैली दी और कहा कि वह अपने गले में पहना हुआ सोने का हार, कंगन और अन्य कीमती सामान उसमें रख दें. आरोपियों ने महिला का मोबाइल भी उसी थैली में रखवा दिया. इतना ही नहीं, दोनों ने महिला से कहा कि पूजा पूरी होने तक उन्हें 51 कदम आगे चलना होगा और इस दौरान पीछे मुड़कर बिल्कुल नहीं देखना है. बुजुर्ग महिला उनकी बातों में आ गईं और बताए गए तरीके से आगे बढ़ने लगीं.
संकट टालने के नाम पर जेवर कैश लूटा
जब महिला ने कुछ देर बाद पीछे मुड़कर देखा तो दोनों युवक वहां से गायब थे. उनके हाथ में दी गई पीले रंग की थैली भी नहीं थी. तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है. आरोपियों ने उनके करीब 3.05 लाख रुपये के सोने के जेवरात और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे. घटना के बाद महिला सीधे इमामवाड़ा पुलिस थाने पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच है. एक आरोपी ने नारंगी रंग की शर्ट पहन रखी थी, जबकि दूसरे ने चेक शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी. फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है. इमामवाड़ा पुलिस थाना के वरिष्ठ निरीक्षक जयवंत पाटील ने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों की जानकारी जुटा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. मामले की जांच जारी है.
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अंधश्रद्धा, चमत्कार या किसी संकट को टालने के नाम पर कोई भी अनजान व्यक्ति यदि इस तरह की बातें करता है तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं. धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह सक्रिय हैं और ऐसे लोग खासकर बुजुर्गों को अपना निशाना बनाते हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने जेवरात, नकदी या मोबाइल जैसी कीमती वस्तुएं कभी न सौंपें. यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस तरह की हरकत करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का सहारा लेकर ठगी करने वाले गिरोह अब भी सक्रिय हैं. ऐसे में सतर्क रहना और अनजान लोगों की बातों पर बिना सोचे-समझे भरोसा न करना ही इस तरह की घटनाओं से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है.
योगेश पांडे