महाराष्ट्र के जालना जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हिंसा का केंद्र बन गया जब भोजन परोसने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. यह घटना बदनापुर तहसील के राजेवाड़ी गांव की है, जहां शादी के बाद आयोजित भोज के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया. जानकारी के अनुसार, बदनापुर तहसील के मालेवाड़ी गांव के रहने वाले परमेश्वर प्रकाश खेत्रे अपने ममेरे भाई गणेश भानुदास लोखंडे की शादी में परिवार के साथ राजेवाड़ी गांव पहुंचे थे. शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी.
खाना परोसने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में बहस शुरू हुआ और देखते ही देखते यह बहस गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई. कुछ ही मिनटों में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और लात-घूंसों और लाठी-काठियों से हमला शुरू हो गया. आरोप है कि दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों ने हमला किया. शिकायत के अनुसार सुरेश कांबले, दीपक कांबले और राहुल एकनाथ खाजेकर पर लाठी-काठियों और लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. ये सभी आरोपी राजेवाड़ी और धोपटेश्वर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
शादी में खाना परोसने को लेकर विवाद
इस मारपीट में परमेश्वर प्रकाश खेत्रे, सुरेश प्रकाश खेत्रे, सुनीता रामेश्वर लोखंडे और विलास कैलास निकाळजे घायल हो गए. घायलों में सुरेश खेत्रे की आंख में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए गणपति नेत्रालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया.
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है. बदनापुर पुलिस थाने में इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गौरव विजय साली