पंजे काटे, छाती और पेट पर किया ताबड़तोड़ वार... अमरावती में युवक की बेरहमी से हत्या

महाराष्ट्र के अमरावती में लड़की से जुड़े विवाद में 24 वर्षीय आफाक शेख शकील की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. समझौते के बहाने बुलाए गए आफाक पर गले, छाती और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए गए. बचाव के दौरान उसका हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement
अमरावती में युवक की बेरहमी से हत्या. (Photo: Screengrabs) अमरावती में युवक की बेरहमी से हत्या. (Photo: Screengrabs)

धनंजय साबले

  • अमरावती,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:42 PM IST

महाराष्ट्र के अमरावती शहर में बुधवार सुबह हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया. यहां राजेंद्र कॉलोनी–विजय कॉलोनी क्षेत्र में कथित तौर पर लड़की से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए बुलाए गए एक युवक की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई. हमलावरों ने उसके गले, छाती और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए. हमले से बचने के लिए जब युवक ने हाथ आगे किया तो धारदार हथियार के वार से उसका हाथ का पंजा शरीर से अलग हो गया. घटनास्थल पर कटा हुआ पंजा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.

Advertisement

विवाद सुलझाने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
मृतक की पहचान आफाक शेख शकील (निवासी ताज नगर) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे पोरवाल सीमेंट डिपो के पास हुई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आफाक और दूसरे पक्ष के बीच एक लड़की को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को मौके पर बुलाया गया था. बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और विवाद हिंसक हो गया. इसके बाद आरोपियों ने आफाक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

हमले में आफाक गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोपियों ने उसके गले, छाती और पेट पर कई गहरे वार किए गए. खुद को बचाने के प्रयास में उसने हाथ आगे किया, जिससे उसका पंजा कटकर घटनास्थल पर ही गिर गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल आफाक को तत्काल इर्विन (जिला सामान्य) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर पंचनामा किया. हत्या के बाद जिला सामान्य अस्पताल में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. अमरावती की डीसीपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला लड़की से जुड़े विवाद का सामने आया है. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है.

हत्याकांड से कॉलोनी में दहशत का माहौल
आरोपियों में तीन नाबालिग और एक बालिग शामिल है. सभी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है. इसी कारण हिरासत में लिए गए आरोपियों के नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इस नृशंस हत्या के बाद राजेंद्र कॉलोनी, विजय कॉलोनी और ताज नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »