महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के भीतर एक विवाद खड़ा हो गया है. मामला है एक बैनर से अजित पवार की फोटो गायब होने का. बात इतनी बढ़ी कि NCP की मंत्री अदिति तटकरे को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी पड़ी.
27 मार्च को रायगड जिले के इंदापुर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह जिला परिषद और पंचायत समिति के नए चुने गए सदस्यों के सम्मान में था. कार्यक्रम में अदिति तटकरे के पिता और NCP के राज्य अध्यक्ष सुनील तटकरे भी शामिल हुए.
कार्यक्रम के मंच पर लगे बैनर में सुनील तटकरे, अदिति तटकरे और उनके भाई अनिकेत तटकरे की फोटो तो थी लेकिन पार्टी के सबसे बड़े नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार की कोई फोटो नहीं थी.
विपक्ष ने उठाया मुद्दा
शरद पवार की NCP (SP) के दो विधायकों ने इस पर तुरंत सवाल उठाए. रोहित पवार ने इस मामले को जोर-शोर से उठाया और यह भी आरोप लगाया कि सुनील तटकरे और प्रफुल पटेल मिलकर NCP की कमान सुनेत्रा पवार से छीनने की कोशिश कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: अजित पवार प्लेन क्रैश के बाद DGCA सख्त, VVIP फ्लाइट्स के लिए जारी किए नए नियम
माफी तो मांगी लेकिन...
मामला बढ़ता देख अदिति तटकरे ने बयान जारी करते हुए कहा कि अजित और सुनेत्रा की फोटो बैनर में नहीं होने के लिए वे माफी मांगती हैं. उन्होंने कहा कि दोनों उनके दिल में हमेशा खास जगह रखते हैं.
लेकिन NCP के नेताओं ने रोहित पवार के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने इसे "मगरमच्छ के आंसू" बताया और कहा कि रोहित पवार को दूसरों की चिंता छोड़कर पहले अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए.
एक बैनर की यह छोटी सी चूक NCP के भीतर चल रही खींचतान को एक बार फिर सतह पर ले आई है और यह साफ दिखाती है कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा.
aajtak.in