झारखंड के जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
लंबे समय से परिवार में चल रहा था विवाद
यह वारदात जमशेदपुर के एग्रिको इलाके में सोमवार सुबह हुई, जो सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रविंद्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है, जो एक स्टील कंपनी से फरवरी महीने में रिटायर हुआ था. बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और सोमवार को यह झगड़ा अचानक हिंसक हो गया.
पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी 55 साल की पत्नी सरिता सिंह, 31 साल की बेटी सुप्रिया सिंह और 30 साल के बेटे रविशेख कुमार पर हमला किया. हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, मृतक बेटी सुप्रिया गर्भवती थी, जिससे घटना और भी दर्दनाक हो गई है.
भागा नहीं, करने लगा मेंटल होने का ढोंग
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम एग्रिको स्थित कंपनी क्वार्टर पहुंची, जहां तीनों शव घर के अंदर पड़े मिले. मौके से एक कुल्हाड़ी और हथौड़ा बरामद किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार नहीं हुआ, लेकिन पूछताछ में सहयोग भी नहीं कर रहा था. पुलिस को शक है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर होने का दिखावा कर रहा है.
एएसपी ऋषव त्रिवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटना सुबह के समय हुई, जब आरोपी की पत्नी रसोई में खाना बना रही थी. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और परिवार के अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग इस नृशंस वारदात को लेकर स्तब्ध हैं.
aajtak.in