झारखंड के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद हेमंत सोरेन की महागठबंधन सरकार हिचकोले खाने लगी है. महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल और सीपीआईएमल ने कांग्रेस पर तीखी टिप्पणियां की है. RJD के एक विधायक ने तो कांग्रेस प्रभारी के राजू पर अपने ही उम्मीदवार को धोखा देने का आरोप लगाया है और कहा है कि जो चोर होते हैं वही सबसे जोर से गुहार करते हैं. वहीं महागठबंधन के दूसरे साझीदार सीपीआईएमल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने सीधे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन को चिट्ठी लिखी है और कहा है कि क्रॉस वोटिंग का आरोप सीपीआईएमल के विधायकों पर लगाना सरासर गलत है.
गुरुवार को झारखंड राज्यसभा चुनाव में NDA समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने जीत हासिल की है. उन्हें 28 वोट मिले. जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोट ही मिले. NDA के 24 वोट ही थे, इस तरह से उन्हें 4 वोट अधिक मिले. इन्हीं 4 वोटों के खेल ने प्रणव झा का सियासी खेल खराब कर दिया.
गुरुवार को चुनाव नतीजों के बाद झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू काफी खफा दिखे. उन्होंने कहा कि आरजेडी और माले (CPIML) के विधायकों ने हमारे साथ धोखा कर दिया. उन्होंने हमारे कैंडिडेट को वोट नहीं दिया.
कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारी पार्टी के सभी 16 विधायकों के वोट सुरक्षित रहे, जेएमएम ने 4 वोट दिए और कांग्रेस को कुल 20 वोट मिले.
महागठबंधन के अपने ही सहयोगी का आरोप सुनकर आरजेडी बेहद खफा है. आरजेडी ने अपने एक्स अकाउंट पर लंबा पोस्ट लिखा है और कहा है कि कांग्रेस को दलों पर बिना सोचे-समझे अनर्गल आरोप लगाने से पूर्व स्वयं में झांककर मंथन और चिंतन करना चाहिए कि विगत मार्च महीने में राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों में कांग्रेस के हरियाणा से 5, ओड़िशा से 2 और बिहार से 3 विधायकों ने BJP के पक्ष में खुलकर क्रॉस वोटिंग की तथा जानबुझकर मतदान से दूर रहे.
'चोर बोले जोर से'
आरजेडी ने कहा है कि इन विधायकों ने खुलकर कैमरे पर कहा कि महागठबंधन का उम्मीदवार उनकी पसंद का नहीं था, उनके शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें कोई निर्देश नहीं दिया. अब तक उन विधायकों के खिलाफ क्या कोई कार्रवाई की गई? बिहार में वही लोग इनके शीर्ष प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठकर अब प्रेस वार्ता भी करते फिरते है. अब फिर झारखंड चुनाव में इनके नेता अपनी असफलता व नाकामी छिपाने तथा RJD एवं CPI(ML) की बीजेपी विरोधी विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने का असफल प्रयास कर रहे हैं.
आरजेडी विधायक सुरेश पासवान ने के राजू को ही कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि, 'कहा जाता है कि चोर बोले जोर से, बिहार में कुछ दिन पहले चुनाव हुआ था, कांग्रेस का आदमी रेड हैंड पकड़ा गया था उस समय के राजू कहां थे... जो चोरी करते हैं वो सामने आ गया, हमलोग को पता चल गया कि कांग्रेस कितनी चाल चलती है.'
के राजू बिकाऊ आदमी: RJD
आरजेडी MLA ने कहा कि नाथवानी ओर कांग्रेस प्रत्याशी एक ही प्लेट में नाश्ता कर रहे थे, इसका क्या मतलब है. ये लोग मिले हैं और बदनाम RJD को कर रहे हैं. के राजू बिकाऊ आदमी है, दाल में काला इन्हीं के साथ है. संजय पासवान ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों ने गठबंधन सरकार को धोखा दिया है.
आरजेडी कोटे से झारखंड में मंत्री संजय यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि पूरा खेल के राजू ने ही रचा है. उन्होंने ही कांग्रेस विधायकों को क्रॉस वोटिंग के लिए प्रेरित किया.
आपसी भरोसे को कमजोर करते हैं आरोप: CPIML
इधर के राजू से आरोपों से खफा होकर महागठबंधन के दूसरे घटक दल CMI(ML) ने कांग्रेस अध्यक्ष को ही चिट्ठी लिखी है. सीपीआई एमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर के राजू के आरोपों का कड़ा विरोध किया है. उन्होंने कहा है कि सहयोगियों के खिलाफ इस तरह के बिना पुष्टि वाले और बेबुनियाद आरोप INDIA ब्लॉक की पार्टियों के बीच आपसी भरोसे को कमजोर करते हैं.
कांग्रेस नेता पर बरसते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि यह एक दुर्भावनापूर्ण झूठ है. हमारे दोनों विधायकों ने विपक्षी विधायकों की बैठक में बनी योजना के अनुसार प्रणव झा के पक्ष में वोट दिया. हमारे पोलिंग एजेंटों ने वोट डाले जाने से पहले मतपत्रों की विधिवत जांच की थी.
सीपीआईएमल नेता ने कहा कि खड़गे कांग्रेस नेताओं से कहें कि वे सहयोगियों पर बिना पुष्टि किए और बिना किसी आधार के ऐसे आरोप लगाना बंद करें, जिनसे 'INDIA' गठबंधन की पार्टियों के बीच आपसी भरोसा कम होता है.
JMM ने क्या कहा
इस पूरे घटनाक्रम पर JMM प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि हालात दुर्भाग्यपूर्ण थे; झारखंड में जो हुआ, वह लोकतंत्र की हत्या थी. मैं अनुशासन और एकता बनाए रखने के लिए अपने नेता का धन्यवाद करता हूं. पहली बार झारखंड से किसी दलित को राज्यसभा भेजा गया है.
aajtak.in