झारखंड के जमशेदपुर में शादी का झांसा देकर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर, गरुड़बासा में एक युवती पर आरोप है कि उसने युवक और उसके परिवार का विश्वास जीतकर घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी उड़ा लिए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है.
जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुर निवासी निखिल सिंह की मुलाकात पूजा पांडेय नाम की युवती से हुई थी. बताया जा रहा है कि पूजा शहर के एक पीजी में रहती थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवती ने खुद को कुंवारी बताते हुए निखिल से शादी करने का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़ें: 3000 करोड़ के निवेश घोटाले में मनोज तिवारी, गोविंदा, शक्ति कपूर की बढ़ी मुश्किलें, जमशेदपुर में केस दर्ज
जनेऊ समारोह में शामिल होकर जीता परिवार का भरोसा
इसी दौरान निखिल के घर जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पूजा पांडेय भी शामिल होने पहुंची. कार्यक्रम के दौरान वह परिवार के लोगों के साथ घुल-मिल गई और धीरे-धीरे सभी का विश्वास जीत लिया.
निखिल का कहना है कि भरोसे के चलते उसने अपनी अलमारी की चाबी भी पूजा को दे दी थी. 6 मार्च को जनेऊ कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उसकी बुआ को घर लौटना था और अलमारी से उनका मंगलसूत्र निकालना था, तब निखिल ने पूजा से चाबी मांगी.
चाबी देने में टालमटोल, जांच में सामने आई चोरी
आरोप है कि पूजा पांडेय बार-बार किसी न किसी बहाने से चाबी देने में टालमटोल करती रही. इस दौरान परिवार के लोगों को संदेह हुआ. जब अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे जेवरात और कुछ नकदी गायब मिले.
इस घटना के बाद परिवार के लोग हैरान रह गए. मामले की जानकारी मिलते ही इलाके में भी चर्चा शुरू हो गई कि युवती ने शादी का झांसा देकर घर में विश्वास हासिल किया और मौका मिलते ही जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई.
जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच
मामले की पड़ताल के दौरान यह भी सामने आया कि पूजा पांडेय पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. आरोप है कि वह युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और मौका मिलते ही उनके घर से जेवरात और कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है.
यह भी बताया जा रहा है कि पड़ोस के एक घर में भी उसने इसी तरह विश्वास हासिल कर अलमारी की चाबी ले ली थी, जिसके बाद वहां से भी गहने गायब हो गए.
पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि युवती ने किन-किन लोगों को इस तरह अपना शिकार बनाया है और कितनी जगहों पर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है.
अनूप सिन्हा