जम्मू-कश्मीर में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. डिप्टी सीएम सुरिंदर कुमार चौधरी अपने पद पर बने रहेंगे. उन्हें लोक निर्माण विभाग (सड़क एवं भवन), उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम एवं रोजगार और कौशल विकास समेत पांच विभागों की जिम्मेदारी दी गई है.
अली मोहम्मद सागर को राजस्व विभाग, बिजली विकास विभाग, कानून, न्याय एवं संसदीय कार्य, आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण और चुनाव विभाग सौंपा गया है. सकीना इट्टू को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी मिली है.
जावेद अहमद डार को कृषि उत्पादन, वित्त, खनन और सहकारिता विभाग दिया गया है. सैफुल्लाह मीर को योजना, विकास एवं निगरानी, संस्कृति और युवा सेवा एवं खेल विभाग की जिम्मेदारी मिली है. शमीम फिरदौस को स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और जल शक्ति विभाग का मंत्री बनाया गया है. अल्ताफ अहमद वानी को वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण के साथ ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग सौंपा गया है. जावेद अहमद राणा को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, जनजातीय मामले और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.
यह भी पढ़ें: उमर अब्दुल्ला के कैबिनेट विस्तार से NC में बगावत, BJP का दावा- संपर्क में 9 नाराज विधायक
बीजेपी के संपर्क में होने की चर्चा भी रही
मंत्रिमंडल में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब जम्मू-कश्मीर की राजनीति में विधायकों के बीजेपी के संपर्क में होने की चर्चा भी सामने आई थी. बीजेपी ने दावा किया था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ विधायक उसके संपर्क में हैं. पार्टी ने इसे नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर मतभेदों से जोड़कर भी देखा था. अब विभागों के बंटवारे के साथ सुरिंदर कुमार चौधरी डिप्टी सीएम के पद पर बने रहेंगे, जबकि अन्य मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दी गई है.
सुनील जी भट्ट