पुरानी रंजिश में तीन युवकों पर जानलेवा हमला... दो की मौत, नंबर प्लेट पर टेप लगाकर पहुंचे थे हमलावर

हरियाणा के रेवाड़ी में इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी के पास पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया. कार और बाइक से पहुंचे हथियारबंद हमलावरों ने तीन युवकों की बाइक में टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिराया और फिर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया. वारदात में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया.

Advertisement
6-7 बाइक और दो कारों में आए थे हमलावर.(Photo: Screengrab) 6-7 बाइक और दो कारों में आए थे हमलावर.(Photo: Screengrab)

देशराज सिंह चौहान

  • रेवाड़ी,
  • 21 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:27 PM IST

रेवाड़ी में इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी (IGU) के पास शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों पर जानलेवा हमला किया गया. बताया जा रहा है कि गोकलपुर गांव के नजदीक कार और बाइक सवार हमलावरों ने पहले तीनों युवकों की बाइक में जोरदार टक्कर मारी. सड़क पर गिरते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया.

इस हमले में मांढ़िया निवासी 22 वर्षीय जतिन और निगानियावास निवासी 20 वर्षीय हिमेश की मौत हो गई. जतिन एक बच्ची का पिता था और एक निजी कंपनी में काम करता था. वहीं, हिमेश रेवाड़ी के KLP कॉलेज का छात्र था. वारदात में बुढ़ाना निवासी यशपाल भी गंभीर रूप से घायल हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: खेतों में 3 फीट पानी, सड़ गई बाजरे की फसल... रेवाड़ी में किसान खड़ी फसल पर चला रहे ट्रैक्टर

यशपाल को गंभीर हालत में रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. एक ही हमले में दो युवकों की मौत और तीसरे के गंभीर रूप से घायल होने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

यूनिवर्सिटी गेट पर कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, IGU के गेट के पास छात्रों के दो गुटों में पहले कहासुनी हुई थी. इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया. विवाद बढ़ने के बाद एक गुट के युवक कई बाइक और कारों में सवार होकर दूसरे पक्ष के पीछे निकल पड़े.

Advertisement

बताया जा रहा है कि करीब 6-7 बाइक और दो कारों में हथियारबंद युवक गोकलपुर की तरफ पहुंचे. वहां उन्होंने तीनों युवकों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया. इसके बाद हमलावरों ने सड़क पर पड़े युवकों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए.

हमले के दौरान आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट पर टेप चिपका रखा था. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर कुंभावास की तरफ फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं घायल युवक के इलाज की व्यवस्था कराई गई. पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ वारदात के पीछे की वजह की पड़ताल शुरू कर दी है.

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं.

Advertisement

फिलहाल, पुलिस छात्रों के दोनों गुटों के बीच हुए विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हमले में कितने लोग शामिल थे. पुलिस का कहना है कि CCTV और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »