करीब 16 साल पहले काजल ने अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल से लव मैरिज की थी. दोनों साथ रहने लगे. परिवार बढ़ा, बच्चे हुए और गोपाल ने अपने गांव में मकान भी बनवाया. नौकरी के लिए वह फरीदाबाद में रहता था, जबकि काजल बच्चों के साथ गांव में रहती थी. जिंदगी इसी तरह चल रही थी.
फिर इस कहानी में गोपाल के एक दोस्त की एंट्री हुई. नाम था योगेंद्र. वह बाउंसर था और गोपाल के घर भी आता-जाता था. पुलिस के मुताबिक, धीरे-धीरे योगेंद्र और काजल के बीच नजदीकियां बढ़ीं. गोपाल को इसकी भनक लगी तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. मामला इतना बढ़ा कि गोपाल कई महीनों तक गांव स्थित अपने घर नहीं गया.
फिर अक्टूबर 2026 में गोपाल की हत्या हो गई. पुलिस का आरोप है कि हत्या किसी बदमाश ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी काजल ने की. इस साजिश में योगेंद्र के शामिल होने का भी आरोप है. पुलिस के मुताबिक, काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से गोपाल की गर्दन पर सोते समय कई वार किए. बाद में उसने घर में बदमाशों के घुसने और गोपाल के साथ मारपीट करने की कहानी बताई.
यहां देखें Video
पुलिस ने काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन इस मामले में एक सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या काजल गोपाल से अलग होकर योगेंद्र से शादी करना चाहती थी? फिलहाल पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, गोपाल उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था. वह करीब 20 साल से फरीदाबाद की एक कंपनी में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था. करीब 16 साल पहले कंपनी में काम करने के दौरान गोपाल की मुलाकात काजल से हुई. दोनों के बीच प्यार हुआ. उस समय काजल की पहली शादी से हुई बेटी करीब पांच साल की थी.
यह भी पढ़ें: मुंबई में शादी, फिर नया अफेयर... लिव-इन में बेटा हुआ तो सवा लाख में बेच दिया... झकझोर देगी ये कहानी
बाद में काजल अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल के साथ हाथरस आ गई. दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली. शादी के बाद गोपाल ने गांव में मकान बनवाया. काजल बच्चों के साथ वहीं रहने लगी, जबकि गोपाल नौकरी के लिए फरीदाबाद में रहता था. वह समय-समय पर गांव आकर परिवार से मिलता था. गोपाल और काजल के तीन बच्चे भी हुए. एक दस साल का, दूसरा छह साल का और बेटी तीन साल की है. काजल की पहली शादी से हुई बेटी अब 19 साल की हो चुकी है. पुलिस के मुताबिक, करीब तीन साल पहले उनके रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा.
गोपाल का दोस्त योगेंद्र घर आने लगा
योगेंद्र गोपाल का दोस्त था. वह गोपाल के गांव वाले घर से करीब 500 मीटर दूर रहता था और बाउंसर का काम करता था. जब गोपाल गांव आता, तो योगेंद्र उससे मिलने घर पहुंच जाता था. पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद योगेंद्र गोपाल की गैरमौजूदगी में भी घर आने लगा. इसी बात को लेकर गोपाल और काजल के बीच विवाद होने लगा. पुलिस का कहना है कि काजल और योगेंद्र के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं.
विवाद लगातार बढ़ता गया. हालात ऐसे हुए कि गोपाल कई महीनों तक गांव नहीं गया. पुलिस अब इस रिश्ते और पारिवारिक तनाव को हत्या की साजिश से जोड़कर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि काजल और योगेंद्र ने मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की.
13 अक्टूबर को बच्चों के साथ फरीदाबाद पहुंची काजल
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को काजल बच्चों को लेकर फरीदाबाद आई. अगले दिन, 14 अक्टूबर को उसने योगेंद्र को भी वहां बुला लिया. 14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात गोपाल घर पहुंचा. पुलिस के मुताबिक, उसने शराब पी रखी थी. गोपाल और काजल एक कमरे में सो रहे थे, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में थे.
आरोप है कि इसी दौरान काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से गोपाल की गर्दन पर कई वार किए. इससे गोपाल की मौत हो गई. पुलिस का मानना है कि वारदात की प्लानिंग पहले से कर ली गई थी. गोपाल की मौत के बाद काजल ने कथित तौर पर बताया कि कुछ बदमाश घर में घुस आए थे और उन्होंने गोपाल के साथ मारपीट की थी. शुरुआत में यह कहानी पुलिस के सामने रखी गई, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ.
फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल सिंह के मुताबिक, पूछताछ और जांच में काजल की भूमिका सामने आई. पुलिस का आरोप है कि उसने योगेंद्र के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और चाकू से गोपाल की गर्दन पर वार किए थे. इसके बाद पुलिस ने काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. इस मामले सवाल है कि क्या काजल गोपाल से छुटकारा पाकर योगेंद्र से शादी करना चाहती थी?
गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बेटी पर भी संदेह जताया था. हालांकि, पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में बेटी की संलिप्तता सामने नहीं आई है. फिलहाल काजल और योगेंद्र पुलिस की गिरफ्त में हैं. जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि हत्या की योजना कैसे बनी, दोनों की भूमिका क्या थी और वारदात के पीछे की मंशा क्या थी. इन सवालों के जवाब पुलिस जांच से सामने आएंगे.
सचिन गौड़