गुरुग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक लिव-इन पार्टनर ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बेरहमी से मारपीट की. पीड़िता गुरुग्राम की नामी जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में बायोटेक की छात्रा है और त्रिपुरा की रहने वाली है. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक दिल्ली का रहने वाला 19 वर्षीय शिवम है, जिसे गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार थाना बादशाहपुर क्षेत्र में एक महिला ने फोन पर सूचना दी थी कि उसकी 19 वर्षीय बेटी के साथ उसके लिव-इन पार्टनर ने चरित्र पर शक करते हुए मारपीट की है. सूचना मिलते ही पुलिस सेक्टर 69 स्थित ग्रेट पीजी पहुंची और मौके से ही आरोपी को हिरासत में ले लिया.
चरित्र पर शक बना हिंसा की वजह
डीसीपी साउथ हितेश यादव ने टेलीफोनिक बातचीत में बताया कि पीड़िता को देर रात गंभीर हालत में गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने हालत को देखते हुए उसे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया. पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपी की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी. दोनों के परिवारों के बीच शादी की बात भी चल रही थी. लेकिन आरोपी युवक अपनी गर्लफ्रेंड पर शक करता था.
लिव-इन पार्टनर ने की बेरहमी से पिटाई
बीती रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. पीड़िता के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं. पुलिस अब पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है.
नीरज वशिष्ठ