गुरुग्राम के सेक्टर 33 में एक हाउस पार्टी के दौरान 19 साल की कॉलेज छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा है और मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है. वह शनिवार को अपने एक दोस्त के फ्लैट पर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आई थी. पार्टी के दौरान वहां शराब पी जा रही थी.
बताया जा रहा है कि आरोपी दिव्यम भी पीड़िता के दोस्त के जरिए इस पार्टी में शामिल हुआ था. देर रात के दौरान, जब पार्टी चल रही थी, आरोपी ने कथित तौर पर नशे की हालत में पीड़िता के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. आरोप है कि इसके बाद आरोपी पीड़िता को फ्लैट के एक सुनसान हिस्से में ले गया, जहां उसने उसकी नशे की हालत का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया. घटना के बाद पीड़िता ने विरोध किया और शोर मचाया, जिससे आसपास के लोगों का ध्यान इस ओर गया.
19 साल की छात्रा से रेप
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने तुरंत अपने दोस्त को इस बारे में बताया. हंगामा बढ़ता देख आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना से सदमे में आई पीड़िता ने अगले दिन पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया. इसके बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसका बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया गया.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने यह अपराध नशे की हालत में किया. फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी.
aajtak.in