'आजतक पंचायत हरियाणा' के मंच से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी सरकार का सियासी रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 217 में से 70 वादे पूरे कर दिए हैं और बाकी पर तेजी से काम जारी है. इसके साथ ही किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदने का भी दावा किया.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर जमकर प्रहार किए. मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं, किसानों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं की और पूर्ववर्ती सरकारों पर अनदेखी का आरोप लगाया.
अग्निवीरों को शत-प्रतिशत सरकारी नौकरी की गारंटी देने से लेकर हरियाणा में नशा माफियाओं की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने और किसानों की हर फसल MSP पर खरीदने तक, सीएम सैनी ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया. साथ ही पंजाब की 'आप' सरकार और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए पारदर्शी शासन और सख्त कानून-व्यवस्था का भरोसा दिया.
217 में से 70 वादे पूरे: सीएम नायब सिंह
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सबसे बड़ा ऐलान अग्निवीरों को लेकर किया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हरियाणा का एक भी अग्निवीर युवा नौकरी के बिना नहीं रहेगा और सरकार में उनके लिए शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी. इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका है. सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा देते हुए उन्होंने बताया कि 217 संकल्पों में से 70 संकल्पों को पूरा कर लिया गया है.
उन्होंने कहा कि महज दो महीने के भीतर प्रदेश के 16 से 17 हजार युवाओं को बिना किसी पर्ची और खर्ची के पारदर्शी तरीके से जॉइनिंग लेटर दिए गए हैं. सीएम ने कहा कि प्रदेश के युवा हमारे पास आए और कहा कि परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित करें, लेकिन आचार संहिता लागू थी, जिसके चलते हमने कहा कि हम ऐसा नहीं कर सकते. हम अब तक 47 हजार युवाओं को नौकरी दे चुके हैं. अग्निवीरों को लेकर भी हमने योजना तैयार कर ली है.
हर फसल एमएसपी पर खरीदारी: नायब सिंह
कृषि और किसान कल्याण के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम सैनी ने दावा किया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जो अपने किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीद रहा है. उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए सवाल उठाया कि केंद्र सरकार द्वारा गेहूं और धान खरीदे जाने के अलावा पंजाब सरकार अपने स्तर पर कौन सी फसल एमएसपी पर खरीद रही है.
सीएम नायब सिंह ने यह भी बताया कि हरियाणा की मंडियों में फसल बेचने के 48 से 72 घंटों के भीतर किसान के बैंक खाते में सीधा पैसा पहुंच रहा है. प्रदेश में उद्योग और रोजगार के अवसरों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने विदेश यात्राओं से मिले निवेश का ब्योरा दिया.
यह भी पढ़ें: EVM से गिनती में गड़बड़ी का खुलासा... सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हरियाणा पंचायत चुनाव का नतीजा
उन्होंने कहा कि सिंगापुर से 5,500 करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जो मेडिकल, शिक्षा और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में आएंगे. जापान से आए 5,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 60 प्रतिशत काम धरातल पर उतर चुका है और कंपनियों ने जमीन लेकर जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है.
नशा कारोबारियों पर कसी गई नकेल
कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के सख्त रुख को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशा कारोबारियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है और हार्डकोर ड्रग माफियाओं की हजारों करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया गया है. राज्य में सुरक्षित माहौल देने के लिए पुलिस को खुली छूट दी गई है, जिसके तहत विदेश भाग चुके करीब 14 हार्डकोर अपराधियों को डिपोर्ट कराकर वापस लाया गया है.
अकाली से गठबंधन पर क्या बोले सीएम
राजनीतिक मुद्दों और अकाली दल के साथ गठबंधन के सवाल पर सैनी ने कहा कि भाजपा का असली गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है. उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को 'झूठ आदमी पार्टी' करार देते हुए कहा कि मान सरकार ने नशा खत्म करने और महिलाओं को आर्थिक मदद देने का झूठा वादा किया था, जिसे वे पूरा करने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर केवल कांग्रेस को भरोसा नहीं है, जबकि पूरा देश आयोग की निष्पक्षता पर विश्वास करता है. गुरुग्राम के जलभराव पर सफाई देते हुए उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार की अव्यवस्थित प्लानिंग को दोषी ठहराया, जिसके कारण प्राकृतिक जल निकासी के रास्ते बंद हो गए.
हालांकि, उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के ड्रेनेज सुधारों के कारण अब भारी बारिश के बाद भी दो से तीन घंटे में पानी निकल जाता है. विरोध-प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को विरोध का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर देश के प्रधानमंत्री को गाली देना किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता.
चुनाव आयोग पर क्या बोले सीएम हरियाणा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ये दल देश की संवैधानिक संस्थाओं, चुनाव आयोग, राष्ट्रपति, कोर्ट और प्रधानमंत्री को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. वोट चोरी और ईवीएम से जुड़े कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए सीएम ने कहा कि आज पूरा देश चुनाव आयोग और लोकतंत्र पर भरोसा करता है, लेकिन अपनी नाकामियों से घिरी कांग्रेस लगातार भ्रम फैला रही है.
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को उनके नाम से हवन कराना चाहिए ताकि उन्हें सही मुद्दे उठाने की बुद्धि मिले. दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर निशाना साधते हुए नायब सैनी ने कहा कि दीपेंद्र केवल मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद में परिवारवाद में फंसे हुए हैं, जबकि पूरी कांग्रेस पार्टी धड़ेबंदी का शिकार है.
विपक्षी विरोध-प्रदर्शनों और इस्तीफा मांगने की राजनीति पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, ऐसे में वह लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्थाओं पर अनर्गल सवाल उठाकर जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर सवाल उठाना उचित नहीं है. कांग्रेस जिस दिन प्रदर्शन कर रही थी, उस दिन हम नशा मुक्त हरियाणा बनाने के लिए युवाओं के साथ मैराथन कर रहे थे, जिसमें एक लाख युवा शामिल थे.
उन्होंने कहा कि युवा इसलिए दौड़ रहे हैं ताकि समाज से बुराई खत्म हो और युवाओं से नशे की लत दूर हो. वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल क्या कर रहे हैं? चुनाव आयोग एक स्वतंत्र एजेंसी है. राहुल गांधी अपने पूरे परिवार, अपने पिता, दादा, दादी और नाना का ट्रैक रिकॉर्ड बता दें.
aajtak.in