वडोदरा में खौफनाक हिट एंड रन: तीन छात्रों को टक्कर मार कार छोड़ भागा चालक, CCTV में कैद हुई लाइव टक्कर

वडोदरा में तेज रफ्तार i20 कार ने एम.एस. यूनिवर्सिटी के छात्रों की स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में तीन छात्र घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर है. पुलिस के अनुसार, चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया. कार पर नंबर प्लेट नहीं थी और शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी. मामले की जांच जारी है.

Advertisement
तेज रफ्तार कार ने तीन छात्रों को मारी टक्कर. (Photo: Screengrab) तेज रफ्तार कार ने तीन छात्रों को मारी टक्कर. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • वडोदरा,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:26 PM IST

गुजरात के वडोदरा से हिट एंड रन का एक दर्दनाक मामला सामने आया है. शहर के अमितनगर सर्कल से एलएंडटी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर देर रात तेज रफ्तार i20 कार ने स्कूटी सवार एम.एस. यूनिवर्सिटी के छात्रों को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही छात्र सड़क पर दूर जा गिरे. घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, हादसा वडोदरा के अमितनगर सर्कल से एलएंडटी रोड जाने वाले मार्ग पर हुआ. बताया गया कि तेज रफ्तार i20 कार का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क से गुजर रहे स्कूटी सवार छात्रों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पर सवार एम.एस. यूनिवर्सिटी के छात्र हवा में उछलकर दूर जा गिरे. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें पूरी दुर्घटना कैद होने की बात कही जा रही है.

तीन छात्र घायल, एक की हालत गंभीर

हादसे के बाद घायल छात्रों को तुरंत इलाज के लिए सयाजी अस्पताल पहुंचाया गया. मिली जानकारी के अनुसार, तीन घायलों में से एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं दो अन्य छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके पर अपनी i20 कार छोड़कर फरार हो गया. चालक की तलाश की जा रही है.

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हादसे में शामिल i20 कार पर आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी. इसके अलावा कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म भी लगी हुई थी, जिससे चालक की पहचान करना मुश्किल हो गया. हरणी पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर एस.एम. वसावा ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

उन्होंने कहा कि कार पर नंबर प्लेट नहीं होने और शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी होने के कारण आरोपी की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस इंस्पेक्टर एस.एम. वसावा के अनुसार, पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- तुषार पटेल

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »