गुजरात के सूरत में बुधवार को एक बड़ी आग की घटना सामने आई. शहर के होजीवाला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गोपी निटिंग प्राइवेट कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कपड़ा और नायलॉन सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग ने तुरंत अलर्ट जारी किया.
सूचना मिलते ही मौके पर दर्जनभर से अधिक फायर टेंडर भेजे गए. दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. साथ ही आसपास की फैक्ट्रियों तक आग न फैले, इसके लिए एहतियाती कदम भी उठाए गए.
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना में फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है. साथ ही लाखों का माल जलकर खाक हो गया है. राहत की बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, तब फैक्ट्री में छुट्टी थी और कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. इसी वजह से किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है.
सूरत में मंगलवार को भी लगी थी आग
बता दें कि सूरत के लिंबायत इलाके में स्थित ‘मीठी खाड़ी’ के पास एक रिहायशी मकान में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई थी. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई. मरने वालों में चार महिलाएं और एक मासूम शामिल है.
यह हादसा बैठी कॉलोनी में स्थित एक मकान में हुआ, जहां साड़ियों की पैकिंग का काम चल रहा था. घर के अंदर बड़ी मात्रा में साड़ियां और उन्हें पैक करने के लिए इस्तेमाल होने वाली फोम शीट का स्टॉक रखा हुआ था.
संजय सिंह राठौर