सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती किस तरह एक खौफनाक हत्याकांड में बदल सकती है, इसका चौंकाने वाला मामला गुजरात के राजकोट ग्रामीण जिले के शापर-वेरावल इलाके से सामने आया है. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर युवती बनकर एक युवक से दोस्ती की गई. दोनों के बीच रिश्ता इतना आगे बढ़ गया कि वो पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे. लेकिन जब युवक को पता चला कि जिसे वह युवती समझ रहा था, वह वास्तव में पुरुष है, तो दोनों के बीच शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया. राजकोट ग्रामीण पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
25 जून को शापर-वेरावल के पास मस्कत फाटक के निकट रेलवे की दीवार के पास महिला के कपड़ों में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला था. शुरुआती जांच में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया. हालांकि फोरेंसिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने जांच का पूरा रुख बदल दिया.
CCTV और टेक्निकल जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ ही टेक्निकल सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली गई. जांच के दौरान पुलिस उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय पीयूष कुमार खरवार तक पहुंची. पूछताछ में पीयूष ने हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि हैदराबाद में रहने के दौरान पीयूष की पहचान फेसबुक पर निशा कुमार और इंस्टाग्राम पर पूनम नाम की आईडी के जरिए चंदन कुमार से हुई थी. चंदन ने खुद को युवती बताकर पीयूष का भरोसा जीत लिया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे साथ रहने लगे.
जांच में यह भी सामने आया कि चंदन ने धार्मिक मान्यता का हवाला देकर शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया था. इसके बावजूद पीयूष ने चंदन की मांग में सिंदूर भरकर पति-पत्नी जैसा रिश्ता स्वीकार कर लिया. दोनों लंबे समय तक साथ रहते रहे. पुलिस के अनुसार, एक दिन पीयूष ने चंदन को शेविंग करते हुए देखा. तभी उसे पता चला कि चंदन महिला नहीं बल्कि पुरुष है और समलैंगिक संबंधों में रुचि रखता है. इस खुलासे के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद शुरू हो गया.
जहां नौकरी मिली, वहां पहुंच जाता था चंदन
जांच में सामने आया कि पीयूष जहां-जहां रोजगार के लिए जाता, चंदन भी उसके पीछे पहुंच जाता था. हैदराबाद से उत्तर प्रदेश, फिर राजस्थान और आखिर में राजकोट जिले के पडवला तक दोनों के बीच विवाद लगातार चलता रहा. पुलिस के मुताबिक 21 जून को पडवला स्थित एक फैक्ट्री में दोनों के बीच फिर से तीखा विवाद हुआ. इसके बाद पीयूष चंदन को रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान जगह पर ले गया. वहां उसने बड़े पत्थरों से चंदन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपी ने शव पर पत्थर डालकर सबूत छिपाने की कोशिश की. इसके बाद वह वापस फैक्ट्री पहुंच गया और सामान्य तरीके से काम करने लगा ताकि किसी को उस पर शक न हो. पुलिस ने CCTV फुटेज, टेक्निकल सबूत और अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया. आरोपी पीयूष कुमार खरवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है.
सोशल मीडिया पर पहचान की पुष्टि जरूरी
यह मामला एक बार फिर यह दिखाता है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से संबंध बनाने से पहले उसकी पहचान और विश्वसनीयता की पूरी तरह पुष्टि करना कितना जरूरी है. पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह मामला अब एक सनसनीखेज हत्याकांड के रूप में सामने आया है.
रौनक मजीठिया