60 हजार रुपये के लिए तीन भांजों ने मामा को चाकू से गोदा, 8 बच्चों ने खोया पिता

बीमारी के इलाज के लिए लिया गया 60 हजार रुपये का उधार एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया. पैसे वापस मांगने पहुंचे तीन सगे भांजों पर अपने ही मामा की हत्या का आरोप है. चाकू के एक वार ने 52 साल के चीना जडेजा की जान ले ली. पीछे रह गए छह बेटे और दो बेटियां.

Advertisement
मामा ने इलाज के लिए लिया था कर्ज.(Photo: Screengrab) मामा ने इलाज के लिए लिया था कर्ज.(Photo: Screengrab)

ब्रिजेश दोशी

  • राजकोट,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:38 PM IST

गुजरात के राजकोट में महज 60 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर रिश्तों का खून कर दिया गया. यहां तीन सगे भांजों ने अपने ही 52 वर्षीय मामा चीना जडेजा पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल चीना की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने हत्या के आरोप में तीनों भांजों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक के छह बेटे और दो बेटियां हैं. इस वारदात के बाद आठ बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया.

Advertisement

घटना राजकोट के भावनगर रोड स्थित कुबलियापारा इलाके की है. चीना जडेजा सब्जी का कारोबार करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. पुलिस के मुताबिक, करीब सात महीने पहले उन्होंने दिल की बीमारी के इलाज के लिए अपने भांजे कमलेश उर्फ योगो परमार से 60 हजार रुपये उधार लिए थे. कारोबार में मंदी के कारण वह रकम वापस नहीं कर पा रहे थे.

यह भी पढ़ें: फर्जी डॉक्टर, नकली दवा और अश्लील क्लिप... राजकोट में ठगी के 3 अड्डे बेनकाब, 10 गिरफ्तार

इसी पैसे को लेकर कमलेश अक्सर उनसे रुपये लौटाने की मांग करता था. 2 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे चीना जडेजा कुबलियापारा में चंद्रिका पान की दुकान के पास मौजूद थे. तभी उनके तीन भांजे कमलेश उर्फ योगो परमार, विजय परमार और अमित परमार वहां पहुंच गए. तीनों ने 60 हजार रुपये वापस नहीं करने को लेकर मामा से बहस शुरू कर दी.

Advertisement

बहस के बाद मामा पर चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, चीना जडेजा ने भांजों से कहा कि फिलहाल उनके पास पैसों की व्यवस्था नहीं है. जैसे ही इंतजाम होगा, वह उधार की रकम लौटा देंगे. इस जवाब के बाद विवाद और बढ़ गया. तीनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.

इसी दौरान कमलेश उर्फ योगो परमार ने अपनी कमर में छिपाकर रखा चाकू निकाला और चीना के बाईं तरफ वार कर दिया. चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. खून से लथपथ चीना के शोर मचाने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए.

वारदात की जानकारी मिलते ही चीना की बेटी, पत्नी और परिवार के दूसरे सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे. घायल को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन रात में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

हत्या के आरोप में तीनों भांजे गिरफ्तार

चीना जडेजा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. उनके परिवार में छह बेटे और दो बेटियां हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक का नाम पहले शराबबंदी से जुड़े अपराधों और मारपीट के मामलों में पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज रहा था. वहीं, तीनों आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास होने की बात सामने आई है.

Advertisement

थोराला पुलिस ने तीनों भांजों कमलेश उर्फ योगो परमार, विजय परमार और अमित परमार को गिरफ्तार कर लिया है. इलाज के दौरान चीना की मौत होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ने के लिए अदालत में रिपोर्ट पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की आगे जांच कर रही है.

महज 60 हजार रुपये के उधार को लेकर हुई इस वारदात ने परिवार के रिश्तों को झकझोर दिया है. चीना जडेजा ने जिस भांजे से बीमारी के इलाज के लिए पैसे उधार लिए थे, उसी पर उनकी हत्या का आरोप है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »