विदेश में रहने वाले भारतीयों पर हमलों की घटनाओं के बीच अब गुजरात की एक और बेटी की हत्या की खबर सामने आई है. गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली 22 वर्षीय विधि मेघा की कनाडा में चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर है. बताया जा रहा है कि विधि पिछले चार वर्षों से कनाडा के नियाग्रा इलाके में रह रही थी. वह वहां लॉ की पढ़ाई कर रही थी और पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी करती थी. इसके अलावा वह कनाडा में स्थायी निवास यानी पीआर की तैयारी भी कर रही थी.
जानकारी के मुताबिक, 15 मई को विधि घर से बाहर निकली थी. इसी दौरान उस पर हमला हुआ. बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने दिनदहाड़े उस पर चाकू से हमला किया. शुरुआती जानकारी में लूटपाट के इरादे से हमला किए जाने की बात भी सामने आ रही है. हमला इतना खतरनाक था कि विधि गंभीर रूप से घायल हो गई.
लॉ की पढ़ाई के साथ नौकरी भी कर रही थी विधि
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दर्दनाक घटना की खबर सामने आते ही बोरसद और आसपास के इलाके में लोग स्तब्ध रह गए. स्थानीय पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ सकी है.
विधि का पूरा परिवार गुजरात के बोरसद में रहता है. परिवार के लोगों ने बताया कि 16 मई से उनका विधि से संपर्क नहीं हो पा रहा था. इसके बाद उन्होंने उसके दोस्तों और आसपास के लोगों से संपर्क किया. परिवार को सिर्फ इतना पता चला कि वह घर से बाहर गई हुई है. बाद में विदेश मंत्रालय से जानकारी मिलने के बाद पुलिस परिवार के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. तभी परिवार को पता चला कि उनकी बेटी की हत्या हो चुकी है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
चाकू मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इलाके के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं. विदेश में पढ़ाई और बेहतर भविष्य का सपना लेकर गई एक बेटी की इस तरह मौत होने से हर कोई दुखी है. बता दें, हाल के समय में विदेशों में रहने वाले भारतीयों पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ऐसे मामलों ने विदेश में रहने वाले भारतीय परिवारों की चिंता भी बढ़ा दी है. फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है और लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर विधि की हत्या क्यों की गई.
ब्रिजेश दोशी