पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर इलाके में एक 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, महिला कथित तौर पर खुद को आग लगाने के बाद अपने घर की तीसरी मंजिल से कूद गई. आसपास के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में महिला के वैवाहिक विवाद और बच्चे की कस्टडी को लेकर तनाव में होने की बात सामने आई है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को सूचना मिली कि हरि नगर स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल से एक महिला आग की लपटों में घिरी हुई नीचे कूद गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. हालांकि, तब तक स्थानीय लोग महिला को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जा चुके थे. अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान 23 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है.
बच्चे की कस्टडी को लेकर तनाव में थी महिला
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी के पिता जहान सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी राजेंद्र से हुई थी और दोनों का एक बेटा है. वर्ष 2023 में पति-पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद शुरू हो गया था. इसके बाद लक्ष्मी अपने पिता के साथ हरि नगर स्थित घर में रहने लगी थी. पिता ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी पहले उत्तम नगर स्थित एक कपड़ों की दुकान में काम करती थी. हालांकि घटना से चार से पांच दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी.
पुलिस के अनुसार, पिता ने अपने बयान में बताया कि लक्ष्मी पिछले कुछ समय से काफी तनाव में थी. विशेष रूप से वह अपने बच्चे की देखभाल और कस्टडी को लेकर परेशान रहती थी. पुलिस ने बताया कि पिता ने इस घटना के संबंध में किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ.
घटना से कुछ दिन पहले छोड़ दी थी नौकरी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है. मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत संदिग्ध और अप्राकृतिक मौत की कार्यवाही शुरू की गई है. पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत की परिस्थितियों और कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
aajtak.in