अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं. इस दौरान दिल्ली में रविवार की शाम उनके लिए यादगार बन गई. दरअसल 28 मई को रुबियो का बर्थडे है और 55 साल के होने जा रहे हैं. इससे पहले भारत की तरफ से उन्हें खास अंदाज में प्री-बर्थडे सरप्राइज मिला.
दरअसल प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में अमेरिकी स्वतंत्रता के 250 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस दौरान अमेरिका के मशहूर डिस्को ग्रुप 'विलेज पीपल' ने मार्को रुबियो के लिए 'हैप्पी बर्थडे' गाना गाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी.
इस खास कार्यक्रम में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने रुबियो को मंच पर बुलाया. उसी समय बैकग्राउंड में लगी एक बड़ी स्क्रीन पर 'हैप्पी बर्थडे मार्को रुबियो' लिखा दिखा.
'विलेज पीपल' बैंड ने बांधा समां
रूबियो का बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए स्टेज पर मोमबत्तियों से सजा एक फोर-टियर केक लाया गया. अमेरिकी विदेश मंत्री ने जैसे ही मोमबत्तियां बुझाईं, 'विलेज पीपल' बैंड ने तुरंत अपने मशहूर सुपरहिट गाने 'YMCA' की धुन बजाकर समां बांध दिया. ये गाना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैलियों और कार्यक्रमों की पहचान माना जाता है.
एआर रहमान के गानों ने लगाए चार चांद
अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं सालगिरह के मौके पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राजदूत सर्जियो गोर समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं. एआर रहमान ने अपनी परफॉर्मेंस से इस शाम को और भी यादगार बना दिया. उन्होंने 'दिल से', 'मां तुझे सलाम' और 'तेरे बिना' जैसे गाने गाकर महफिल में चार चांद लगा दिए.
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का लाइव संबोधन भी रहा. ट्रंप ने वॉशिंगटन से फोन के जरिए सीधे इस सभा को संबोधित किया. राजदूत सर्जियो गोर ने अपने फोन को सीधे स्टेज के माइक्रोफोन के पास लगा दिया ताकि हॉल में मौजूद सभी लोग ट्रंप की आवाज लाइव सुन सकें.
यह भी पढ़ें: डोभाल ने US के विदेश मंत्री को बताई PAK की असलियत, कहा- एक्शन मोड में रहना होगा
ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया 'महान दोस्त'
ट्रंप ने भारत के साथ मजबूत रिश्तों की वकालत करते हुए कहा, 'हम भारत के इतिहास में आज उसके सबसे करीब हैं. भारत मुझ पर और हमारे देश अमेरिका पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे एक महान दोस्त हैं. अगर भारत को कभी भी किसी भी मदद की जरूरत होगी, तो वो अच्छी तरह जानते हैं कि उन्हें कहां फोन करना है. वो सीधे यहीं फोन कर सकते हैं.'
aajtak.in