प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंच गए हैं. इसके साथ ही पीएम मोदी साल 1993 में स्लोवाकिया की आजादी के बाद वहां का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बन गए हैं. पीएम मोदी का स्लोवाकिया दौरा 16 जून तक चलेगा. इस दौरान वे स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे. साथ ही वे वहां के बड़े बिजनेस लीडर्स से भी मुलाकात करेंगे.
स्लोवाकिया पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि ये यात्रा भारत-स्लोवाकिया संबंधों को और गहरा करने, सहयोग के नए रास्ते तलाशने का अवसर देती है. राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री फिको के साथ सार्थक बैठकों का इंतजार है.
प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करने के बाद यहां पहुंचे हैं. फ्रांस में उन्होंने 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में भी भाग लिया था. स्लोवाकिया पहुंचने पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया.
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री का स्वागत रिपब्लिकन स्लोवाक के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने किया. पीएम मोदी का स्लोवाकिया की परंपरा के अनुसार ब्रेड एंड साल्ट देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जो मेहमाननवाजी, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक है.
इन क्षेत्रों में बढ़ेगा व्यापार और सहयोग
प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया रवाना होने से पहले अपने बयान में कहा कि इस यात्रा से यूरोपीय संघ के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी.स्लोवाकिया यूरोपीय संघ का एक बेहद अहम सदस्य है. इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने भी 9 जून को एक बयान जारी किया था. इस बयान के मुताबिक पीएम मोदी की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच कई अहम क्षेत्रों में आपसी संबंध मजबूत होंगे. इनमें मुख्य रूप से व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और रेलवे मैन्युफैक्चरिंग शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: राफेल, न्यूक्लियर से AI तक... मोदी-मैक्रों मीटिंग में इन 13 अहम फैसलों पर लगी मुहर
ये यात्रा दोनों देशों के मजबूत हो रहे रिश्तों का प्रतीक है. इससे पहले अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्लोवाकिया की यात्रा की थी. इसके बाद फरवरी 2026 में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पेलेग्रिनी 'AI इम्पैक्ट समिट' के लिए भारत आए थे. राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने भी एक्स पर लिखा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं सोमवार को ब्रातिस्लावा में आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं. ये ऐतिहासिक यात्रा नई दिल्ली में हुई बातचीत को आगे बढ़ाएगी और सहयोग के नए अवसर खोलेगी.
यह भी पढ़ें: 'भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए...', फ्रांस में इन्वेस्टर्स से बोले PM मोदी
G7 समिट और वीवा टेक्नोलॉजी 2026
स्लोवाकिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस पहुंचेंगे, जहां उन्हें 16 और 17 जून को एवियन शहर में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेना है. इस सम्मेलन में पीएम मोदी दुनिया के अन्य नेताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आर्थिक विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे. पीएम मोदी की इस दौरान 17 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात भी होनी है.
पीएम मोदी इस दौरान अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. अपनी यात्रा के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री 18 जून को पेरिस पहुंचेंगे. वहां वे राष्ट्रपति मैक्रों के साथ 'वीवाटेक 2026' कार्यक्रम में शामिल होंगे. ये यूरोप का सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट है.
aajtak.in